जाने माने निर्देशक जे ओम प्रकाश का बुधवार को निधन हो गया. वह 93 वर्ष के थे. मौजूदा पीढ़ी उन्हें रितिक रोशन के नाना के तौर पर पहचानती है.अभिनेता दीपक पाराशर ने उनके निधन की जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने बुधवार सुबह अंतिम सांस ली. उनका अंतिम संस्कार विले पार्ले में पवन हंस के पास स्थित श्मशान घाट में किया गया.प्रकाश ने अपने करियर की अधिकतर हिट फिल्में राजेश खन्ना और जितेन्द्र के साथ दी. खन्ना के साथ उन्होंने ‘आप की कसम’ (1974), ‘आखिर क्यों?’ (1985) की. वहीं जितेन्द्र के साथ ‘अपनापन’ (1977), ‘आशा’ (1980), ‘अपना बना लो’ (1982), ‘अर्पण’ (1983) और ‘आदमी खिलौना है’ (1993) जैसे हिट फिल्में दी.प्रकाश की अधिकतर फिल्मों का नाम अंग्रेजी के ‘ए’ अक्षर से शुरू होते थे. बतौर निर्देशक उनकी आखिरी फिल्म 2001 में आई ‘अफसाना दिलों का’ थी.अमिताभ बच्चन ने उनके निधन पर शोक जताते हुए कहा, ‘‘ जे ओम प्रकाश जी प्रख्यात निर्माता, निर्देशक का आज सुबह निधन हो गया…सौम्य मिलनसार..मेरे पड़ोसी रितिक के नाना. भगवान उनकी आत्मा को शांति दें.’’