आईसीसी विश्व कप में आज पाकिस्तान का सामना दक्षिण अफ्रीका से होगा, जहां दक्षिण अफ्रीका के पास 6 मैचो में केवल तीन अंक हैं वहां पाकिस्तान के पास 5 मैचो में केवल 3 अंक हैं पाकिस्तानी टीम की कोशिश होगी कि इस मैच में वे अपने प्रदर्शन को सुधार सकेँ। विश्व कप में सेमीफाइनल की रेस से लगभग बाहर हो चुकी 2 टीमें दक्षिण अफ्रीका और पाकिस्तान आज लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर आमने-सामने होंगी। दक्षिण अफ्रीका ने छह मैचों में केवल तीन अंक ही हासिल किये हैं और वह टूर्नामेंट से बाहर ही हो गयी है जबकि पाकिस्तान अब भी सेमीफाइनल में प्रवेश कर सकता है, बशर्ते वह अपने बचे हुए चारों मैच जीत ले और अन्य परिणाम उसके पक्ष में जायें। पिछले मैच में भारत के खिलाफ हर विभाग में मात खाने वाली पाकिस्तान की टीम रविवार को दक्षिण अफ्रीका के सामने होगी। पाकिस्तान की कोशिश होगी कि इस करो या मरो के मैच में वे अपने प्रदर्शन में सुधार कर सकेँ। पिछले मैच में न्यूज़ीलैंड के खिलाफ हारने के बाद दक्षिण अफ्रीका के सेमीफ़ाइनल में पहुंचने की उम्मीद समाप्त हो चुकी है। गेंदबाज़ी में रबाडा, एनगिडी और इमरान ताहिर ने विपक्षी बल्लेबाज़ों को परेशान किया है लेकिन उनके बल्लेबाज़ रन नहीं बना पा रहे हैँ। हाशिम आमला ने पिछले दो मैच में अच्छी शुरुआत की थी। आमला का पिछला वनडे शतक पाकिस्तान के खिलाफ आया था ऐसे में टीम उम्मीद करेगी कि इस मैच में उनके बल्ले से एक बड़ी पारी का इंतज़ार खत्म हो। टीम की कोशिश होगी कि वे पाकिस्तान के खिलाफ वैसा ही प्रदर्शन दोहरा सकें जैसा उन्होंने इस साल की शुरुआत में वनडे सीरीज़ में किया था और पाकिस्तान को मात दी थी। इंग्लैंड को मात देने के बाद से पाकिस्तान टीम के प्रदर्शन में गिरावट देखने को मिली है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच में बल्लेबाज़ों ने निराश किया वहीं भारत के खिलाफ मैच में टीम तीनों ही डिपार्टमेंट में ढीली नज़र आई। मोहम्मद आमिर ने हर मैच में प्रभावित किया है लेकिन दूसरे छोर से उन्हें समर्थन नहीं मिल रहा है। ऐसे में पाकिस्तान की टीम को एक यूनिट के तौर पर खेलने की ज़रुरत है ताकि वे सेमीफ़ाइनल में पहुंचने की उम्मीद बरकरार रख सकेँ। शोएब मलिक ने लगातार निराश किया है ऐसे में इस मैच में हैरिस सोहेल को मौका मिल सकता है।