हिमाचल प्रदेश

मुख्यमंत्री ने हिमाचल में रेडक्रॉस गतिविधियों के विस्तार पर दिया बल

रेडक्रॉस के महत्व को कभी कम नहीं आंका जा सकता क्योंकि यह संस्था किसी धर्म, जाति तथा क्षेत्र से ऊपर उठकर दूसरों की सहायता करने में सदैव अग्रणी रही है। इसके अतिरिक्त यह संस्था लोगों को आपात स्थिति में मूलभूत सुविधाएं प्रदान करती है।मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने यह बात आज शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर आयोजित राज्य स्तरीय रेडक्रॉस मेले के समापन समारोह की अध्यक्षता करते हुए कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि रेडक्रॉस द्वारा राज्य में आयोजित की जाने वाली गतिविधियों में कई गुणा वृद्धि हुई है, जिसका श्रेय रेडक्रॉस के प्रत्येक स्वयंसेवक को जाता है। उन्होंने कहा कि यह संस्था मानवता को आपात स्थिति में सहायता पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने स्वयंसेवकों से अपील की कि वह अधिक से अधिक लोगों को संस्था की गतिविधियों के साथ जोड़ें। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वह संस्था को उदारतापूर्वक दान दें क्योंकि उनके द्वारा दिया जाने वाला अंशदान आपात स्थिति में लोगों की सहायता में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने रेडक्रॉस गतिविधियों को उपमण्डल स्तर तक बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया।जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार रेडक्रॉस गतिविधियों को बढ़ाने के लिए हरसंभव सहायता प्रदान करेगी। राज्य में सरकार द्वारा पांच लाख रुपये तक की निःशुल्क चिकित्सा सुविधा प्रदान करने के लिए ‘हिम केयर’ योजना आरम्भ की गई है, ताकि आयुष्मान भारत योजना से छूटे सभी लोगों को यह सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि गंभीर रूप से बीमार रोगियों के परिजनों को राहत देने के लिए राज्य सरकार द्वारा एक नई ‘सहारा योजना’ आरम्भ की गई है। इस योजना के तहत इन रोगियों की उचित देखभाल के लिए प्रति माह 2000 रुपये प्रदान किए जा रहे हैं।इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर लगाए गए स्टालों का अवलोकन किया और आयोजकों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने इस अवसर पर शूटिंग में भी हाथ आजमाया।
इस अवसर पर स्थानीय स्कूलों के विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया।अवैतनिक सचिव रेडक्रॉस अस्पताल कल्याण शाखा पूनम चौहान ने रेडक्रॉस की विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी।भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, स्वास्थ्य मंत्री विपिन सिंह परमार, राज्य रेडक्रॉस अस्पताल कल्याण शाखा (एचडब्ल्यूएस) की अध्यक्ष डॉ. साधना ठाकुर, पूर्व सांसद राज्यसभा विमला कश्यप, नगर निगम शिमला की महापौर कुसुम सदरेट, उप-महापौर राकेश शर्मा, एचडब्ल्यूएस के उपाध्यक्ष फिरोजा विजय सिंह, पुलिस महा निदेशक एस.आर. मरडी, शिमला के उपायुक्त अमित कश्यप, रेडक्रॉस के सचिव पी.एस. राणा, जिला प्रशासन के अधिकारी, जिला रेडक्रॉस के सदस्य और स्वयंसेवक भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.

two × 3 =

Most Popular

To Top