श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व सम्बन्धी 75 लाख पौधे लगाने का काम जारी
चंडीगढ़ – पंजाब सरकार द्वारा बीते वर्ष 5 जून को शुरू किये ‘मिशन तंदुरुस्त पंजाब’ के अंतर्गत अब तक एक वर्ष के दौरान 2 करोड़ से अधिक विभिन्न पौधे लोगों को मुफ़्त बाँटे जा चुके हैं जिससे पंजाब में वातावरण को साफ़ और शुद्ध रखा जा सके।पंजाब के वन मंत्री स. साधु सिंह धर्मसोत ने यह जानकारी देते हुए कहा कि राज्य सरकार लोगों को साफ़-सुथरा वातावरण मुहैया करवाने के लिए लगातार यत्नशील है। उन्होंने कहा कि अब तक विभिन्न मुहिमों के अंतर्गत 2 करोड़ से अधिक पौधे पंजाब के लोगों को मुफ़्त बाँटे जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि 1.3 करोड़ पौधे लगाकर 10 हज़ार हैक्टेयर क्षेत्रफल वन के अधीन लाया गया है, जबकि ‘घर-घर हरियाली स्कीम’ के अंतर्गत लगभग 68 लाख पौधे लोगों को मुफ़्त बाँटे जा चुके हैं, जो लोगों द्वारा अपनी-अपनी पसंद के स्थानों पर लगाए जा चुके हैं।स. धर्मसोत ने बताया कि इनमें (68 लाख पौधे) से 18 लाख से ज़्यादा पौधे ऑनलाइन मोबाइल एप्लीकेशन ‘आई हरियाली’ के द्वारा बाँटे गए हैं। इस स्कीम के अधीन राज्य के लोगों द्वारा मोबाइल एप डाऊनलोड करके अपनी पसंद के पौधे अपनी नज़दीकी नर्सरी से हासिल किये जाते हैं। उन्होंने बताया कि विभाग की नाजायज़ कब्ज़े हटाने की मुहिम के अंतर्गत अब तक 5000 एकड़ ज़मीन से ग़ैर-कानूनी कब्ज़े हटाए गए हैं और सम्बन्धित ज़मीनों पर पौधे लगाने का काम जारी है। उन्होंने बताया कि एक विशेष स्कीम के अंतर्गत गऱीब लोगों को सब्जियों के लगभग 4 लाख पौधे मुफ़्त बाँटे गए हैं। इसी तरह कलोनल हाईटेक नर्सरी कादियाँ और लुधियाना से किसानों को लगभग 10 लाख पौधे मुफ़्त बाँटे गए हैं।
स. धर्मसोत ने आगे बताया कि चालू वर्ष के दौरान पंजाब सरकार द्वारा मनाए जा रहे श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व के अंतर्गत पंजाब के हर गाँव में 550 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस स्कीम में तकरीबन 75 लाख पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि अब तक 2000 गाँवों में तकरीबन 11 लाख पौधे लगा दिए गए हैं और जबकि बाकी गाँवों में पौधे लगाने का काम जारी है।स. धर्मसोत ने आगे कहा कि विभाग की 200 से अधिक नर्सरियों में पौधे तैयार करने का काम जारी है और विभिन्न स्कीमों के अंतर्गत राज्य के लोगों को मुफ़्त पौधे बाँटने का कार्य अगले सालों के दौरान भी जारी रहेगा।