खेल

शिखर धवन विश्व कप से बाहर हुए, रिषभ पंत हुए टीम में शामिल

नई दिल्ली – भारतीय क्रिकेट टीम को इस विश्व कप में बहुत ही बड़ा झटका लगा है। शिखर धवन चोट की वजह से विश्व कप 2019 से बाहर हो गए हैं। धवन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बल्लेबाजी के दौरान चोटिल हो गए थे और उसके बाद न्यूजीलैंड व पाकिस्तान के खिलाफ नहीं खेल पाए थे। शिखर धवन की जगह अब टीम में रिषभ पंत को शामिल किया गया है जो पहले ही बैकअप के तौर पर इंग्लैंड पहुंच गए थे। बीसीसीआइ की तरफ से इस बात की आधिकारिक पुष्टि कर दी गई है और बताया जा रहा है कि वो जुलाई के मध्य तक ही ठीक हो पाएंगे।शिखर धवन ने इस विश्व कप में भारत के दूसरे मैच में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 117 रन की शतकीय पारी खेली थी और उनके बाएं हाथ के अंगूठे में चोट लग गई थी। इसके बाद उनके अंगूठे पर प्लास्टर किया गया था। हालांकि टीम मैनेजमेंट की तरफ से कहा गया था कि उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। ये भी कहा जा रहा था कि वो कुछ दिनों में ठीक हो जाएंगे और आखिरी लीग मुकाबले और फिर सेमीफाइनल मैच खेल सकते हैं। इसके बाद धवन को प्रैक्टिस करते भी देखा गया और वो जिम में भी पसीना बहाते देखे गए थे।इस विश्व कप के पहले मैच में धवन ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सिर्फ आठ रन बनाए थे, लेकिन इसके बाद अगले ही मैच में उन्होंने जबरदस्त वापसी की और शतकीय पारी खेली। धवन का बाहर होना टीम इंडिया के लिए बड़ा झटका है। धवन की गैरमौजूदगी में पाकिस्तान के खिलाफ लोकेश राहुल ने रोहित शर्मा के साथ पारी की शुरुआत की थी और अर्धशतक लगाया था। वहीं उनकी जगह पाकिस्तान के खिलाफ टीम में विजय शंकर को शामिल किया गया था।रिषभ पंत अब धवन की जगह टीम में शामिल कर लिए गए हैं। रिषभ को इस विश्व कप के लिए पहले टीम में शामिल नहीं किया गया था जिसे लेकर काफी सवाल खड़े हुए थे। इसके बाद रिषभ को रिजर्व खिलाड़ी के तौर पर टीम का हिस्सा बनाया गया था। बाद में धवन के चोटिल होने पर उन्हें बैकअप के तौर पर इंग्लैंड बुला लिया गया था और अब वो आधिकारिक तौर पर टीम का हिस्सा बन गए हैं।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.

ten + five =

Most Popular

To Top