चंडीगढ़ – केंद्र सरकार द्वारा फंड देने से न करने के उपरांत अब राज्य सरकार ने यात्रियों और श्रद्धालुओं को राहत प्रदान करने के लिए आनन्दपुर साहिब-गढ़शंकर और आनन्दपुर साहिब-नैना देवी सडक़ की मुरम्मत की जि़म्मेदारी अपने कंधों पर ले ली है। इस सडक़ की मुरम्मत के कार्य के लिए कुल 25 करोड़ रुपए मंज़ूर किये गए हैं।इस सम्बन्धी जानकारी देते हुए लोक निर्माण मंत्री, श्री विजय इंदर सिंगला ने बताया कि लोकसभा चुनाव से पहले आनन्दपुर साहिब लोकसभा हलके से पूर्व सांसद श्री प्रेम सिंह चन्दूमाजरा ने लोगों का विश्वास जीतने की कोशिश के अंतर्गत केंद्र के समकालीन सडक़ परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री, श्री नितिन गडकरी को बुलाया था और केंद्रीय सडक़ परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (एम.ओ.आर.टी. और एच.) की अपेक्षित प्रशाकीय मंजूरी लिए बिना जल्दी में नींव पत्थर रखवा लिया था। इस कारण सडक़ परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने आनन्दपुर साहिब -गढ़शंकर, 16.77 कि.मी. और आनन्दपुर साहिब-नैना देवी, 4.77 कि.मी. लंबाई वाली सडक़ की मुरम्मत के लिए फंड जारी करने से पैर पीछे खींच लिए थे।इन सडक़ों की बुरी और ख़स्ता हालत न केवल स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है बल्कि श्रद्धालुओं के लिए भी सफऱ के दौरान सुरक्षा का ख़तरा बना रहता है। इस सडक़ पर 60 टन से भी अधिक भार से लदे टिप्पर गुजऱते हैं जिस कारण सडक़ में बड़े और गहरे गड्ढे पड़ गए हैं। यह सडक़ें दो ऐतिहासिक स्थान श्री आनन्दपुर साहिब और माता नैना देवी को एक साथ जोड़ती हैं। इसलिए लोगों को तत्काल राहत देने के मद्देनजऱ राज्य सरकार ने अपने खर्च पर ही मुरम्मत का काम आरंभ कर दिया है, जिसकी शुरुआत 21 जून, 2019 को टैंडर जारी करके की जा रही है।यह टैंडर जुलाई महीने के अर्ध तक अलॉट हो जाएंगे और उसके बाद काम शुरू हो जायेगा। श्री सिंगला ने कहा कि हम मुरम्मत के काम का नियमित रूप से निरीक्षण करते रहेंगे जिससे एक साल में ही काम मुकम्मल किया जा सके।