ऊना – पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने ऊना जिला के कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में जनमंच कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस अवसर पर 242 शिकायतें तथा मांगें प्राप्त हुई, जिसमें से शत-प्रतिशत शिकायतों एवं मांगों का निपटारा मौके पर ही कर दिया गया।वीरेंद्र कंवर ने कहा कि सरकार प्रदेश को सुशासन देने एवं राज्य के पात्र व्यक्तियों को विभिन्न योजनाओं के तहत लाभ प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जन मंच कार्यक्रम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए एक सशक्त माध्यम बन कर उभरा है। इस अवसर पर ग्रामीण विकास विभाग एवं पंचायती राज मंत्री ने कहा कि राजस्व विभाग में सेटेलमेंट के मामलों पर अलग से जन मंच का आयोजन किया जाएगा।इस अवसर पर मंत्री ने 10 नवजात बेटियों की माताओं को बेबी किटस तथा हिम केयर योजना के तहत 18 नए स्वास्थ्य कार्ड भी प्रदान किए। उन्होंने इस मौके पर प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए जल संरक्षण के संदेश को भी पढ़ कर बताया।