ब्रिस्टेल के मैदान पर विश्वकप का 16वां मुकाबला श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच खेला जाएगा। दोनो ही टीमें टूर्नामेंट में एक एक जीत चुकी है। ऐसे में उनकी कोशिश इस मुकाबले में भी जीत दर्ज करने की होगी।मंगलवार को खेले जाने वाले विशवकप के 16 वें मुकाबले में श्रीलंका और बांग्लादेश आमने सामने होगी। ब्रिस्टल के मैदान पर खेले जाने वाले इस मैच में लगातार दो मैचों में हार से आहत बांग्लादेश और अपने बल्लेबाजों के लचर प्रदर्शन से परेशान श्रीलंका अपनी पिछली कमियों में सुधार करके मंगलवार को होने वाले मैच में अपना प्रदशर्न सुधार कर लय पाने की कोशिश करेंगी। हांलाकि बांग्लादेश ने विश्व कप में शानदार शुरुआत की थी। उसने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ छह विकेट पर 330 रन का अपना सर्वोच्च वनडे स्कोर बनाने के बाद 21 रन से जीत दर्ज की थी। लेकिन इसके बाद उसकी टीम यह लय बरकरार रखने में नाकाम रही और उसको न्यूजीलैंड से दो विकेट जबकि मेज़बान इंग्लैंड से 106 रनों से हार झेलनी पड़ी। बांग्लादेश की ओर से स्टार आलराउंडर शाकिब अल हसन अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं। इस प्रतियोगिता में शाकिब अब तक एक शतक और दो अर्धशतक लगा चुके है। ऐसे में टीम को उनसे फिर बड़ी पारी की उम्मीद रहेगी। विकेटकीपर बल्लेबाज मुशफिकुर रहीम भी अच्छी लय में लज़र आ रहे हैं लेकिन सौम्या सरकार और तमीम इकबाल की सलामी जोड़ी अपेक्षित शुरुआत देने में अब तक नाकाम रही है। हांलाकि बांग्लादेश की चिंता वैसे गेंदबाजी को लेकर ज़्यादा है। पिछले मुकाबले में इंग्लैंड के खिलाफ उसके गेंदबाजों ने 386 रन लुटाये थे। वहीं श्रीलंकाई टीम की बात करे तो वह पहले मैच में न्यूजीलैंड के हाथों दस विकेट की करारी शिकस्त झेलने के बाद वापसी को लेकर आशान्वित होगी। दिमुथ करूणारत्ने की अगुवाई वाली टीम ने अफगानिस्तान को हराकर कुछ राहत की सांस ली है लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ बारिश के कारण मैच रद्द होने से उसे अंक बांटने पड़े। गौरतलब है कि श्रीलंका के बल्लेबाज़ गत दो मैचों में पूरे 50 ओवर तक भी नहीं टिक पाए, जो टीम के लिये चिंता का विषय है। गेंदबाजी में श्रीलंका को चोटिल हुए तेज गेंदबाज नुवान प्रदीप की कमी खलेगी जिन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ 31 रन देकर चार विकेट चटकाए थे। ऐसे में गेंदबाजी का सारा दारोमदार लसिथ मलिंगा के कंधों पर होगा।