नई दिल्ली – इंग्लैंड में होने वाले विश्व कप के लिए भारतीय टीम में बल्लेबाजी क्रम को लेकर लगातार बातें जारी हैं। इस विश्व कप में नंबर चार पर बल्लेबाजी कौन करेगा इसे लेकर सस्पेंस खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा। अब भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने कहा है कि महेंद्र सिंह धौनी को इस विश्व कप में नंबर पांच पर ही बल्लेबाजी करनी चाहिए।भारतीय क्रिकेट टीम के उप-कप्तान रोहित शर्मा ने सुझाव दिया था कि नंबर चार पर धौनी को बल्लेबाजी का मौका देना चाहिए। रोहित शर्मा की इस बात पर अपनी राय देते हुए सचिन ने कहा कि धौनी नंबर पांच पर बल्लेबाजी के लिए सबसे बेहतरीन हैं और उनकी जगह के साथ छेड़-छाड़ नहीं करनी चाहिए। सचिन ने कहा कि मेरी निजी राय ये है कि धौनी को पांचवें नंबर पर ही बल्लेबाजी के लिए आना चाहिए। उन्होंने कहा कि विश्व कप में टीम का कांबिनेशन क्या होगा इसके बारे में मुझे पता नहीं है, लेकिन अगर टीम में ओपनर के तौर पर रोहित व धवन हैं तो तीसरे नंबर पर विराट होने चाहिए। चौथे नंबर के बारे में मुझे नहीं पता पर नंबर पांच पर धौनी से ही बल्लेबाजी करवानी चाहिए। इसके बाद विस्पोटक बल्लेबाज हार्दिक पांड्या को आना चाहिए।सचिन ने कहा कि धौनी के नंबर पांच पर आने से टीम को काफी फायदा होगा। इस क्रम पर आने के बाद धौनी गेम को अंत तक ले जा सकते हैं और हार्दिक पांड्या के साथ आक्रामक बल्लेबाजी कर सकते हैं। विश्व कप की तैयारी के लिए भारतीय टीम ने नंबर चार के लिए अंबाती रायुडू, रिषभ पंत, विजय शंकर व दिनेश कार्तिक का आजमाया था। इनमें से विजय शंकर को नंबर चार के लिए सबसे उपयुक्त पाया गया और उन्हें विश्व कप टीम में जगह दी गई थी।