इंग्लैंड ने पांच वनडे की सीरीज के तीसरे मैच में पाकिस्तान को छह विकेट से हरा दिया। ब्रिस्टल में खेले गए इस मुकाबले में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में नौ विकेट पर 358 रन बनाए। इंग्लिश टीम ने इस लक्ष्य को 5.1 ओवर शेष रहते ही हासिल कर लिया। मैच में कुल 717 रन बने। इंग्लैंड के किसी मैच में 10वीं और पाकिस्तान के मैच में चौथी बार 700+ रन बने। इंग्लैंड ने अपने वनडे इतिहास में दूसरा सबसे बड़ा लक्ष्य हासिल किया। वह इसी साल वेस्टइंडीज के खिलाफ 364 रन का लक्ष्य हासिल किया था।इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पाकिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही। 27 रन के स्कोर तक उसके दो बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। इसके बाद इमाम-उल-हक ने हारिस सोहैल के साथ 68 रन की साझेदारी की। सोहैल 41 रन बनाकर आउट हुए।