चंडीगढ़ – पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने देश के कारोबारी दिग्गज और आई.टी.सी. के चेयरमैन वाई.सी. दवेशवर की मौत पर गहरा दुख प्रकट किया जिन्होंने शनिवार को आखिरी साँस ली।श्री दवेशवर को विश्व प्रसिद्ध पंजाबी उद्यमी बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने आई.टी.सी. को दुनिया की नामी कंपनी के तौर पर पहचान दिलाई और उपभोग वस्तुओं के कारोबार, होटल, कागज़ और पैकिंग एवं कृषि-व्यापार के क्षेत्र में नये मील पत्थर स्थापित किए। कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने श्री दवेशवर द्वारा कपूरथला में 1500 करोड़ की लागत से इंटेग्रेटिड फूड पार्क स्थापित करने के किये गए निजी प्रयासों की भी प्रशंसा की जिससे राज्य के कृषि-उद्योग को बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री दवेशवर के चले जाने से मुल्क एक प्रगतिशील उद्यमी और मिसाली व्यापारिक शख्सियत से वंचित हो गया। उनके जाने से व्यापार जगत में शून्यता पैदा हो गई है जिसको भरना बहुत मुश्किल है।दुखी परिवार और सगे-संबंधियों के साथ दिली हमदर्दी ज़ाहिर करते हुए मुख्यमंत्री ने ईश्वर के समक्ष अरदास की कि वह दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में शाश्वत निवास दें और ईश्वरीय आदेश को मानने का बल प्रदान करें।