भुवनेश्वर – चक्रवाती तूफान फानी को लेकर पूरा देश पहले से ही अलर्ट है। किसी बड़े संकट से बचने के लिए भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) ने ओडिशा में ‘यलो वार्निंग’ जारी की है। पुरी प्रशासन ने पर्यटकों को दो मई यानी गुरुवार तक पुरी छोड़ने का निर्देश दिया है। इसके पहले सरकार की ओर से आने वाले दिनों में पर्यटकों की यात्रा रद करने का भी निर्देश दिया गया है। वहीं, अब प्रशासन ने सरकारी डॉक्टरों की छुट्टियां भी रद कर दी हैं।
तूफान से निपटने के लिए भारतीय नौसेना ने पूरी कमर कस ली है। चक्रवाती तूफान फानी को लेकर ओडिशा में खौफ का माहोल है। राज्य में यलो वार्निंग के चलते अब प्रशासन की ओर से स्वास्थ्य कर्मचारी समेत सभी सरकारी डॉक्टरों की छुट्टियां रद कर दी गई हैं। सरकारी स्वास्थ्य विभाग से जुड़े सभी डॉक्टरों की छुट्टियां 15 मई तक रद की गई है। प्रशासन दारा जारी किए गए निर्देश के अनुसार सभी डॉक्टरों को बुधवार शाम तक मुख्यालय में रिपोर्ट करना है।तूफान से निपटने को लेकर नौसेना प्रमुख एडमिरल सुनील लांबा ने कहा कि चक्रवाती तूफान फानी से निपटने के लिए हम पूरी तरह से तैयार हैं। पूर्वी नौसेना को विशाखापत्तनम में पूरी तरह से तैयार कर दिया गया है।
तूफान के खतरों से बचने के लिए सभी आवश्यक उपाय कर लिए गए हैं। आंध्र प्रदेश और ओडिशा राज्य में आने वाले चक्रवाती तूफान से निपटने के लिए भारतीय नौसेना पूरी तरह से तैयार है। बता दें कि मंगलवार सुबह वैज्ञानिकों ने कहा था कि ओडिशा में अगले कुछ घंटों में चक्रवाती तूफान बेहद खतरनाक रूप ले सकता है। मौसम विभाग के अनुसार ओडिशा के बौध, कालाहांडी, संबलपुर, देवगढ़ और सुंदरगढ़ जैसे अलग-अलग स्थानों पर फानी तूफान के चलते भारी बारिश हो सकती है।
वहीं, खासकर राज्य के बौध, कालाहांडी, संभलपुर देवगढ़ और सुंदरगढ़ में फानी चक्रवात तूफान के असर को ज्यादा देखा जा सकता है। गृह मंत्रालय के आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, चक्रवाती तूफान फानी बुधवार दोपहर तक उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने की संभावना है। इसके बाद फानी तूफान उत्तर-उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ेगा, इसके साथ ही यह चक्रवाती तूफान गोपालपुर और चंदबली के बीच ओडिशा तट को पार करेगा। वहां से, यह तीन मई यानी शुक्रवार की दोपहर के आसपास पुरी के दक्षिण में चलेगा इस दौरान चक्रवाती फानी तूफान की अधिकतम गति 175-185 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से 205 किमी प्रति घंटे तक हो सकती है।
ओडिशा में चक्रवात तूफान फानी को लेकर मौसम विभाग ने बताया कि गंजम, पुरी, जगतसिंहपुर, केंद्रपाड़ा जिलों में 150 -160 किमी प्रति घंटे की रफ्तार के साथ तेज हवाएं चल सकती है। गजपति, खुर्दा, कटक, जाजपुर, भद्रक जिलों में 110-120 किमी प्रति घंटे से लेकर 130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने की संभावना है।
ओडिशा के बालासोर में 80-90 किमी प्रति घंटे रफ्तार से शुक्रवार की शाम तक ओडिशा के बाकी जिलों में भी तूफान कहर बरपा सकता है। शुक्रवार को नयागढ़, अंगुल, क्योंझर, मयूरभंज, ढेंकनाल और स्क्वैली में 30-40 किमी प्रति घंटे से लेकर 30-90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।