नई दिल्ली – कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान के बल्ले से आइपीएल मे राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ आग निकली। राजस्थान के खिलाफ दिनेश कार्तिक ने मात्र 50 गेंदों में नाबाद 97 रन की पारी खेलकर कमाल कर दिया। वर्ल्ड कप के लिहाज से और कोलकाता के लिए इस पारी के बड़े मायने हैं क्योंकि एक पारी को छोड़ दें तो दिनेश कार्तिक इस आइपीएल में लगभग फेल साबित हुए हैं। यहां तक कि बतौर कप्तान भी दिनेश कार्तिक का रिकॉर्ड इस बार कुछ खास नहीं है। लेकिन, गुरुवार की रात खेली गई इस पारी से उनके अंदर आत्मविश्वास जागा होगा।दरअसल, आइपीएल 2019 के 43वें में मैच में दिनेश कार्तिक ने राजस्थान के खिलाफ 7 चौकों और 9 छक्कों की मदद से सिर्फ 50 गेंदों में 97 रन की पारी खेली। आखिरी गेंद पर बाउंड्री ना लगाने की वजह से अपने आइपीएल करियर के पहले शतक से चूके दिनेश कार्तिक ने इस पारी में 7वीं गेंद पर पहला रन लिया। इतना ही नहीं, दिनेश कार्तिक ने पहली दस गेंदों में मात्र 3 रन बनाए। इसके बाद उन्होंने अगले 20 गेंदों में 38 और फिर आखिरी 20 गेंदों में 56 रन बनाकर अपने आइपीएल करियर का बेस्ट स्कोर बनाया। इसके पहले दिनेश कार्तिक का आइपीएल में बेस्ट स्कोर 86 रन था। इस पारी के बाद दिनेश कार्तिक कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए दूसरे सबसे ज्यादा निजी स्कोर करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। दिनेश कार्तिक से पहले साल 2008 में ब्रैंडन मैकुलम ने आरसीबी के खिलाफ 158 रन की नाबाद पारी खेली। इसके बाद दूसरे नंबर पर नाबाद 97 रन बनाने वाले कार्तिक का नाम है। वहीं, तीसरे नंबर पर मनीष पांडे हैं, जिन्होंने साल 2014 में पंजाब के खिलाफ 94 रन बनाए थे।