सलामी बल्लेबाज शिखर धवन और ऋषभ पंत की शानदार बल्लेबाजी की मदद से दिल्ली कैपि़टल्स ने आईपीएल के एक मुकाबले में शुक्रवार को कोलकाता नाइट राइडर्स को 7 विकेट से हराया।ईडन गार्डंस में खेले गए मैच में केकेआर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट पर 178 रन बनाए जिसके जवाब में दिल्ली ने 18.5 ओवरों में 3 विकेट के नुकसान पर 180 रन बनाते हुए जीत दर्ज की। प्लेयर ऑफ द मैच धवन ने 63 गेंदों में 11 चौके और 2 छक्के की मदद से नाबाद 97 रन की पारी खेली। जबकि पंत ने 31 गेंदों में 4 चौके और 2 छक्के के साथ 46 रन बनाए। धवन ने ऋषभ पंत के साथ तीसरे विकेट के लिए 105 रन की साझेदारी की।
इससे पहले युवा बल्लेबाज शुभमन गिल और आंद्रे रसेल की तेज तर्रार पारियों की बदौलत कोलकाता नाइट राइडर्स ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 20 ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर 178 रनों का स्कोर खड़ा किया। कोलकाता के सिर्फ यह दो बल्लेबाज ही रन कर सके। ज्यादतर बल्लेबाज तेजी दिखाने के कारण जल्दी पविलियन लौट लिए। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए शुभमन गिल ने 65 रन की पारी खेली। अंत के ओवरो में आंद्रे रसेल ने तेजी से रन बनाए।उन्होने 21 गेंदों पर तीन चौकों और चार छक्कों की मदद से 45 रन की तूफानी पारी खेली। इनमें से 26 रन उन्होंने रबाडा की 9 गेंदों पर बनाए। दिल्ली की तरफ से क्रिस मौरिस, राबाडा और कीमो पॉल ने दो-दो विकेट लिए।वहीं इशांत शर्मा ने एक विकेट लिया। दिल्ली की सात मैचों में यह चौथी जीत है और उसके आठ अंक हो गए हैं। केकेआर को सात मैचों में तीसरी हार का सामना करना पड़ा। उसके भी आठ अंक हैं और चेन्नई सुपर किंग्स 12 अंक के बाद दूसरे स्थान पर बना हुआ है।