संसार

न्यूजीलैंड: लाइव स्ट्रीमिंग पर सरकार ने फेसबुक से मांगा जवाब, हमलावर ने 17 मिनट तक फेसबुक पर गोलीबारी की की थी लाइव स्ट्रीमिंग

आतंकी ने गोलीबारी से पहले पीएमओ को मेल भेजा था; लाइव स्ट्रीमिंग पर सरकार ने फेसबुक से जवाब मांगा

न्यूजीलैंड की दो मस्जिदों में कत्लेआम से पहले प्रधानमंत्री जेसिंडा आर्डर्न के ऑफिस को हमलावर का एक घोषणा पत्र मिला था। आर्डर्न ने रविवार को बताया कि आतंकी हमले से नौ मिनट पहले 30 लोगों को यह पत्र मेल किया गया था। हालांकि, पीएमओ को मिले पत्र में हमले की जगह और अन्य जानकारियां नहीं थीं। इसे तुरंत सुरक्षा एजेंसियों को दे दिया गया था। शुक्रवार को क्राइस्टचर्च स्थित अल-नूर और लिनवुड मस्जिद में गोलीबारी से 50 लोगों की मौत हुई थी। इनमें आठ भारतीय हैं। 50 अन्य जख्मी हैं।

ऑस्ट्रेलियाई मूल के हमलावर ने 17 मिनट तक फेसबुक पर गोलीबारी की लाइव स्ट्रीमिंग की थी। न्यूजीलैंड सरकार ने आतंकी हमले की लाइव स्ट्रीमिंग पर फेसबुक से जवाब मांगा था। फेसबुक ने कहा, ‘हमले के वीडियो की लाइव स्ट्रीमिंग के तुरंत बाद ही पुलिस ने नेटवर्क का पता लगा लिया था। हमने तुरंत हमलावर के इंस्टाग्राम और फेसबुक अकाउंट से फुटेज हटा दिए थे।’ मिया गार्लिक (डायरेक्टर, फेसबुक (ऑस्ट्रेलिया-न्यूजीलैंड) ने कहा, ‘हम लगातार ऐसे कंटेंट को हटाने के लिए काम कर रहे हैं। हमले से जुड़े 15 लाख वीडियो हमने बीते 24 घंटे में हटाए हैं। 12 लाख वीडियो को ब्लॉक किया है, जो अपलोड किए गए थे।’

ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में एक युवक ने ऑस्ट्रेलियन सीनेटर फ्रेजर एनिंग पर अंडे से हमला कर दिया। फ्रेजर प्रेस कॉन्फ्रेंस में क्राइस्टचर्च की मस्जिदों में हुए हमले पर बात कर रहे थे। सीनेटर ने इस हमले की निंदा करते हुए अप्रवासियों को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया। फ्रेजर जब अप्रवासियों पर बात कर रहे थे, तभी युवक ने पीछे से उनके सिर पर अंडा मार दिया। आरोपी इस दौरान अपने फोन से वीडियो भी बना रहा था।

मस्जिदों में फायरिंग कर 50 लाेगों की हत्या करने के आराेपी ऑस्ट्रेलियाई नागरिक टैरंट को शनिवार को काेर्ट में पेश किया गया था। अफसाेस तो दूर की बात है, उसने ओके का साइन बनाकर दिखाया। यह साइन श्वेत नस्लवादी समूहों द्वारा इस्तेमाल किया जाता रहा है। उसके मन में इस्लाम ही नहीं बल्कि अश्वेत लोगों के प्रति भी नफरत का भाव था। ऑस्ट्रेलियाई मूल के हमलावर ब्रेंटन टैरंट के परिजनों ने भी हमले की निंदा की है। ब्रेंटन की दादी ने कहा, ‘यह हमारे लिए भी चौंकाने वाला है। हम सोच भी नहीं सकते थे कि वो ऐसा कुछ कर सकता है। वो हाल ही में युरोप घूमकर वापस आया था। हमें उम्मीद नहीं थी कि वह युरोप यात्रा के दौरान श्वेत राष्ट्रवादी विचारधारा से जुड़ेगा और फिर इस नफरत को हिंसा में बदल देगा।’

न्यूजीलैंड में मौजूद भारतीय दूतावास के सेकंड सेक्रेटरी परमजीत सिंह ने शनिवार रात देर बताया कि मरने वालों में गुजरात के रमजी आरिफ भाई वोहरा, उनके पिता मोहम्मद अली वोहरा, महबूब खोखर, हाफेद मूसा और जुनैद कारा शामिल हैं। केरल की पीजी छात्रा एंसी अली की भी मौत हुई है। इनके अलावा हैदराबाद के फरहाज अहसान समेत 2 लोगों की मौत की पुष्टि हुई। परिजन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से मदद मांगी है। हमलावर ब्रेंटन टैरंट ने फेसबुक पर 17 मिनट तक गोलीबारी की लाइट स्ट्रीमिंग की थी। वह दोपहर की नमाज के वक्त हथियार लेकर मस्जिद पहुंचा तो सबसे पहले गेट पर एक व्यक्ति से उसका सामना हुआ। उस व्यक्ति ने हमलावर के स्वागत में हैलो ब्रदर कहा, यह देखकर भी कि हमलावर उसकी तरफ बंदूक ताने हुए तेजी से बढ़ रहा है। तभी उसे गोली मार दी गई। यह घटना उसी वीडियो में कैद हो गई, जिसे हमलावर फेसबुक पर लाइव दिखा रहा था।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.

17 + 11 =

Most Popular

To Top