ज़िम्बाब्वे: चक्रवात ‘इडाई’ ने मचाई तबाही, करीब 31 लोगों की
मौत, दर्ज़नों लापता हैं इस चक्रवात के चलते जिम्बाब्वे का पड़ोसी देश
मोजाम्बिक भी हुआ प्रभावित
पूर्वी जिम्बाब्वे में आए चक्रवाती
तूफान ‘इडाई’ में कम से कम 31 लोगों की मौत हो गई है और दर्जनों लोग लापता
हैं। चक्रवात से जिम्बाब्वे का पड़ोसी देश मोजाम्बिक भी प्रभावित हुआ है।
जिम्बाब्वे के सूचना मंत्रालय ने ट्वीट किया कि अब तक 31 लोगों की मौत की
पुष्टि हो चुकी है। मृतकों में ज्यादातर लोग चिमनीमानी पूर्व के रहने वाले
थे। तूफान के दौरान मोजाम्बिक सीमा से लगे मनिकालैंड प्रांत में कई घर
क्षतिग्रस्त हो गए और कई पुल बह गए।
तूफान के चलते कुछ इलाकों का
मूलभूत ढांचा पूरी तरह से तबाह हो गया है। चक्रवात से प्रभावित इलाकों में
सड़क संपर्क कट जाने से हजारों लोग फंसे हुए हैं। सबसे ज्यादा प्रभावित
मोजाम्बिक का बेरिया शहर हुआ है। यहां हवाई अड्डा बंद कर दिया गया है।
बिजली आपूर्ति बाधित है और कई घर, स्कूल, व सरकारी कार्यालय तबाह हो गए
हैं। कई लोग अभी भी बाढ़ग्रस्त इलाकों में फंसे हुए हैं। जिम्बाब्वे की
सेना ने राहत कार्य शुरू कर दिया है।
