चंडीगढ़ – पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने जम्मू बस स्टैंड में संदिग्ध आतंकवादियों द्वारा पंजाब रोडवेज़ की बस पर किये कायराना ग्रेनेड हमले की तीखी आलोचना की है और पीडि़तों और उनके परिवारों को हर संभव सहायता यकीनी बनाने के लिए राज्य के मुख्य सचिव और डी.जी.पी को जम्मू-कश्मीर के अपने समकक्ष से तालमेल करने के लिए कहा है। यह हमला पठानकोट डीपू की पंजाब रोडवेज़ की बस नंबर पी.बी. 06 क्यू. 9565 पर किया गया। यह बस जम्मू से अमृतसर जाने वाली थी। इस हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 33 अन्य ज़ख्मी हो गए। ज़ख्मियों में एक व्यक्ति पंजाब से सम्बन्धित है। मुख्यमंत्री के मुख्य प्रमुख सचिव सुरेश कुमार ने उसके साथ बातचीत करने के बाद बताया कि हरजीत सिंह पुत्र जगीर सिंह, निवासी गाँव राय चक्क, डेरा बाबा नानक, पुलिस जि़ला बटाला से सम्बन्धित है। उसकी दाहिनी टांग पर चोट लगी है परन्तु वह खतरे से बाहर है। मुख्यमंत्री ने उनको हरजीत सिंह से संपर्क बनाने और उसके ईलाज के लिए हर संभव मदद यकीनी बनाने के लिए निर्देश दिए थे। इस घृणित ग्रेनेड हमले पर क्रोध प्रकट करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि घाटी में शांति और सद्भावना को भंग करने के लिए आतंकवादियों द्वारा की जा रही कोशिश निंदनीय है और सबके द्वारा इसके विरुद्ध लडऩे की ज़रूरत है। उन्होंने कहा कि आतंकवादियों को इन घिनौने मंसूबों में सफल होने की आज्ञा नहीं दी जानी चाहिए।मुख्यमंत्री ने इस हमले में मारे गए व्यक्ति के परिवार से हमदर्दी प्रकट की है जिसकी पहचान उत्तराखंड के हरिद्वार से सम्बन्धित 17 वर्षीय मुहम्मद शारिक के तौर पर हुई है।