वीडियोकॉन लोन मामले में चंदा कोचर, वेणुगोपाल धूत के ठिकानों पर ईडी के छापे
मुंबई
– प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने चंदा कोचर और वेणुगोपाल धूत के 5 ऑफिसों और
घरों पर शुक्रवार को छापे मारे। मुंबई के अलावा कुछ अन्य जगहों पर भी दबिश
दी गई। 2012 में आईसीआईसीआई बैंक की ओर से वीडियोकॉन को दिए गए लोन के
मामले में ईडी ने यह कार्रवाई की है। ईडी ने कुछ दिन पहले चंदा कोचर, उनके
पति दीपक कोचर और वीडियोकॉन के प्रमोटर वेणुगोपाल धूत के खिलाफ प्रिवेंशन
ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (पीएमएलए) के तहत मामला दर्ज किया था।
प्रवर्तन
निदेशालय इस मामले में मनी लॉन्ड्रिंग की जांच कर रहा है। आईसीआईसीआई बैंक
ने 2012 में वीडियोकॉन को 1875 करोड़ का लोन दिया था। वीडियोकॉन ग्रुप को
आईसीआईसीआई बैंक की ओर से 2012 में दिए गए 1,875 करोड़ रुपए के लोन और उसके
न्यूपावर रिन्यूएबल्स के साथ लेन-देन से जुड़े मामले में सीबीआई और
प्रवर्तन निदेशालय कार्रवाई कर रहे हैं। न्यूपावर चंदा के पति दीपक कोचर की
कंपनी है। आरोप हैं कि धूत ने लोन के बदले दीपक की कंपनी में निवेश किया
था।
इस मामले में चंदा कोचर पर भेदभाव के आरोप, उनके नेतृत्व में
ही दिया गया था कर्ज।जनवरी में सीबीआई ने भी इस मामले में चंदा कोचर, दीपक
कोचर और वेणुगोपाल धूत के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। एजेंसी ने वीडियोकॉन
कंपनी के मुंबई-औरंगाबाद स्थित दफ्तरों और दीपक कोचर के ठिकानों पर छापे भी
मारे थे। कुछ दिनों पहले सीबीआई ने चंदा कोचर के खिलाफ लुकआउट नोटिस भी
जारी किया था। ताकि, वो बिना बताए विदेश नहीं जा सकें।