मनोरंजन और सूचना के लिए मंच उपलब्ध कराने, दूर-दराज के क्षेत्रों में
बसे समुदायों के साथ संवाद स्थापित करने और लोगों को सशक्त बनाने में
रेडियो की भूमिका को रेखांकित करने के लिए हर साल 13 फरवरी को ‘विश्व
रेडियो दिवस’ मनाया जाता है.
विश्व रेडियो दिवस की इस वर्ष की थीम
है- संवाद, सहनशीलता और शांति. विश्व रेडियो दिवस के अवसर पर संयुक्त
राष्ट्र महासचिव अंतोनियो गुतरस ने कहा कि रेडियो सूचना का एक सशक्त माध्यम
है.
संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 14 जनवरी, 2013 को यूनेस्को के
उस प्रस्ताव का अनुमोदन किया था, जिसमें 13 फरवरी को विश्व रेडियो दिवस
मनाने की बात कही गई थी. क्योंकि इसी तारीख यानि 13 फरवरी, 1946 को
यूनाइटेड नेशन्स रेडियो की स्थापना की गई थी.
आज जमाना भले ही
स्मार्टफोन्स का हो, लेकिन रेडियो के लिए लोगों की दीवानगी कम नहीं हुई है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी रेडियो को एक नई दिशा दी है. वह रेडियो
पर ‘मन की बात’ करते हैं, जिसे सुनने के लिए करोड़ों लोग रेडियो का प्रयोग
करते हैं. इस तरह पीएम ने रेडियो को दोबारा लोगों के घर तक पहुंचाया है.