तीन दिवसीय वाइब्रेंट गुजरात सम्मेलन 2019 का रविवार को समापन हो गया.
समापन समारोह में उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल
हुए. इस अवसर पर उपराष्ट्रपति ने विदेशी निवेशकों से भारत की विकास गाथा
में भागीदार बनने का आह्वान किया. उपराष्ट्रपति ने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का
भी दौरा किया.
उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने वाइब्रेंट गुजरात
सम्मेलन 2019 के समापन सत्र को संबोधित किया. इस अवसर पर उपराष्ट्रपति ने
कहा कि बीते कुछ सालों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार
द्वारा किए गए सुधारों की वजह से देश की अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ रही
है और वैश्विक स्तर पर भारत निवेशकों की पहली पसंद बन कर उभरा है.
उन्होंने विदेशी निवेशकों से भारत की विकास गाथा में भागीदार बनने का
आह्वान किया.
उपराष्ट्रपति ने नर्मदा ज़िले में स्थित स्टैच्यू ऑफ
यूनिटी का भी दौरा किया. उन्होंने कहा कि ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’, भारत के
एकीकरण में अहम भूमिका निभाने वाले सरदार पटेल की दूरदर्शिता, साहस और
दृढ़निश्चय को विनम्र श्रद्धांजलि है.