रणवीर सिंह के साथ फिल्म ‘सिम्बा’ में धमाल मचाने वाले बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री के दमदार कलाकार सोनू सूद का नाम कुछ समय पहले ‘मणिकर्णिका द क्वीन ऑफ झांसी’ के कारण विवादों में आया था। असल में सोनू सूद अदाकारा कंगना रनौत की पीरियड ड्रामा फिल्म में एक अहम किरदार निभा रहे थे, जिसके लिए उन्होंने शूटिंग भी की थी। हालांकि लोगों को झटका तब लगा, जब सोनू सूद ने अचानक से फिल्म से किनारा करने का फैसला ले डाला। किसी को समझ नहीं आया कि सोनू सूद ने ऐसा क्यों किया। दोनों पक्षों की ओर से सूत्रों के हवाले से मीडिया में खबरें आईं, जिससे यह बात साफ हुई कि ‘मणिकर्णिका द क्वीन ऑफ’ झांसी की री-शूटिंग कंगना रनौत और सोनू सूद के बीच असली परेशानी की वजह बनी।हालांकि अब सोनू सूद ने पूरे मामले पर अपनी जुबान खोल दी है। हाल में उन्होंने मीडिया को इस बात की जानकारी दी है कि, ‘फिल्म की शूटिंग के दौरान एक समय ऐसा था जब डायरेक्टर और कंगना के बीच में चीजें ठीक नहीं चल रही थीं। वो चाहते थे कि फिल्म की री-शूटिंग हो। मैंने उनसे यह प्रार्थना की कि मुझे यह बताया जाए कि वो किस भाग की शूटिंग करना चाहते हैं क्योंकि मैं कुछ ही सीन्स री-शूट कर कर सकता था, जो कि महत्वपूर्ण थे। हालांकि जब मणिकर्णिका की एडिटिंग हुई और मैंने फिल्म को देखा तो मुझे पता लगा कि जो सीन हमने शूट किए थे, वो फिल्म से गायब हैं। इसके बाद मैं काफी परेशान हो गया। मैंने बहुत मेहनत की थी और उसके बाद जब मुझसे कहा गया कि हम दोबारा शूटिंग करना चाहते हैं तो मैंने इंकार कर दिया।’आपको बता दें सोनू सूद के फिल्म से बाहर हो जाने के बाद जीशान अय्यूब की मणिकर्णिका में एंट्री हुई और उन्होंने सोनू वाला किरदार किया। जीशान ने मीडिया को अपने किरदार के बारे में बताया, ‘कंगना की सबसे अच्छी बात यह है कि उन्हें पता है कि वो क्या चाहती हैं।’