भारत

राष्ट्रीय अधिवेशन के साथ ही बीजेपी ने फूंका मिशन 2019 का बिगुल

राजधानी दिल्ली के रामलीला मैदान में भाजपा के राष्ट्रीय अधिवेशन की शुरुआत हुई. आर्थिक रूप से कमज़ोर वर्ग को 10 फीसदी आरक्षण देने के लिए अधिवेशन में पीएम मोदी का अभिनंदन किया गया. गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कृषि और किसान पर प्रस्ताव प्रस्तुत किया, जिसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया. इस अवसर पर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने 2019 को लेकर भाजपा की रणनीति सामने रखते हुए केंद्र सरकार द्वारा किए गए कार्यों का ज़िक्र करते हुए स्पष्ट किया की न्यू इंडिया के लिए काम कर रही मोदी सरकार का लक्ष्य है भारत को विश्व गुरु बनाना और जनता को ये निर्णय लेना है कि वो क्या चाहती है. मज़बूत या मजबूर सरकार !

2019 के लोकसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने अपने मिशन 2019 की औपचारिक शुरुआत कर दी है. दिल्ली के रामलीला मैदान में शुरू हुए पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन के जरिए बीजेपी ने चुनावी शंखनाद कर दिया है. दो दिन के राष्ट्रीय अधिवेशन में देशभर के पार्टी नेता और कार्यकर्ता हिस्सा ले रहे हैं. अधिवेशन की शुरुआत बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के संबोधन से हुई, जिन्होंने न केवल एनडीए सरकार की उपलब्धियों का खाका पेश किया बल्कि पार्टी कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र भी दिया. बैठक के दौरान सामान्य वर्ग के गरीब लोगों को शिक्षा एवं रोजगार में 10 प्रतिशत आरक्षण देने और जीएसटी में कारोबारियों को राहत देने के फैसले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया गया और उनका अभिनंदन किया गया. अमित शाह ने इस फैसले को गरीबों के हित में बताया.

राम मंदिर के मसले पर अमित शाह ने कहा कि पार्टी संवैधानिक रूप से राम मंदिर के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है. अमित शाह ने अपने भाषण में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर करारा वार किया.

2019 के चुनाव को देश के लिए बेहद अहम बताते हुए अमित शाह ने कहा कि ये वैचारिक युद्ध का चुनाव है, जिसमें दो अलग-अलग विचारधाराएं आमने-सामने हैं. अमित शाह ने महागठबंधन पर हमला किया और साफ कहा कि जो लोग साथ खड़े नहीं हो सकते थे, वो आज साथ खड़े हैं क्योंकि वो अकेले नरेंद्र मोदी को नहीं हरा सकते.

अमित शाह ने कहा कि पिछले पांच साल में बीजेपी 6 राज्यों से 16 राज्यों में सत्ता में आ गई है और दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बन गई है. यूपी विधानसभा की विजय को ऐतिहासिक बताते हुए अमित शाह ने कहा कि इस बार लोकसभा चुनाव में भी पार्टी यूपी में पिछली बार की 73 सीटों से ज्यादा सीट जीतेगी. अमित शाह ने मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि सरकार ने गरीबों को जनधन खाता दिया, महिलाओं को गैस कनेक्शन दिया, महिलाओं और बच्चियों को शौचालय दिए, ढाई करोड़ बेघरों को घर दिया, दो करोड़ से ज्यादा लोगों को सौभाग्य योजना के तहत बिजली दी, देश के पचास करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत के तहत स्वास्थ्य बीमा दिया.

देश के सुरक्षा हालात को बेहतर बनाने का दावा करते हुए अमित शाह ने कहा कि एनडीए सरकार ने जवानों को ओआरओपी दिया, तो कड़ी नीतियों की वजह से आतंकवाद, घुसपैठ, माओवाद में कमी आई है. उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने देश का गौरव दुनिया में बढ़ाया है और भारत के प्रति दुनिया का नजरिया बदल दिया है. उन्होंने कहा कि आर्थिक भ्रष्टाचार रोकने के लिए कड़े कानून बनाए, तो नोटबंदी के जरिए कालेधन और फर्जी कंपनियों पर लगाम लगाई.

प्रधानमंत्री शनिवार को बैठक में समापन भाषण देंगे, जिसमें कार्यकर्ताओं के लिए संदेश भी होगा. बीजेपी  के इतिहास में यह अब तक का सबसे बड़ा राष्ट्रीय परिषद का अधिवेशन है. इसमें मंडल स्तर के कार्यकर्ता शिरकत कर रहे हैं. 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.

twelve + six =

Most Popular

To Top