वॉशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप
US-मेक्सिको सीमा दीवार योजना पर जारी विवाद के बीच डैमोक्रेटिक नेताओं के
साथ हुई बैठक बीच में ही छोड़कर चले गए। उन्होंने दीवार के लिए 5.7 अरब
डॉलर की राशि आवंटित करने से इन्कार किए जाने के बाद बीच में ही बैठक छोड़
दी। इस बैठक में ट्रंप के साथ शीर्ष डैमोक्रेटिक नेता नैंसी पेलोसी और चक
शुमर शामिल थे। इससे पहले ट्रंप ने विपक्षी पार्टी के धन आवंटन के लिए राजी
नहीं होने की स्थिति में राष्ट्रीय आपातकाल लागू करने की धमकी दी थी, ताकि
अवैध आव्रजकों को देश में आने से रोकने के लिए दीवार बनाने की योजना को
क्रियान्वित कर सकें।ट्रंप ने प्रतिनिधि सभा की स्पीकर नैंसी पेलोसी और
सीनेट में अल्पमत के नेता चक शुमर से पूछा कि यदि आंशिक रूप से बंद पड़े
सरकारी कामकाज को फिर से शुरू कर दिया जाए, तो क्या वे आगामी 30 दिनों में
सीमा दीवार के लिए राशि आवंटित किए जाने के कदम का समर्थन करेंगे। पेलोसी
ने जब इस सवाल का नहीं में जवाब दिया तो ट्रंप नाराज हो गए और बीच में ही
चले गए।
ट्विटर पर जाहिर किया गुस्सा;-घटना के बाद
नाराज ट्रंप ने ट्विटर पर अपना गुस्सा जाहिर किया। उन्होंने लिखा,‘मैं चक
और नैंसी के साथ बैठक बीच में छोड़कर आ गया। ये समय की पूरी बर्बादी थी।
मैंने पूछा कि यदि हम कामकाज फिर से शुरू कर दें, तो 30 दिन में क्या आप
दीवार या स्टील अवरोधक समेत सीमा सुरक्षा को मंजूरी देंगे? नैंसी ने कहा,
नहीं। मैंने अलविदा कह दिया। और कुछ नहीं किया जा सकता था।’
अमेरिका में राजनीतिक अस्थिरता का नया दौर:-ट्रंप
के बैठक के बीच से ही चले जाने के बाद अमेरिका में राजनीतिक अस्थिरता का
नया दौर शुरू हो गया है। ट्रंप के बैठक छोड़ने के बाद नैंसी और शुमर ने
मीडिया से कहा कि डैमोक्रेटिक पार्टी के नेता किसी भी हाल में सीमा दीवार
के लिए धन आवंटित नहीं करना चाहते हैं। उन्होंने संकेत दिया कि पार्टी इस
मामले में अपना रुख नहीं बदलेगी। पेलोसी ने कहा कि बैठक कक्ष में माहौल
अच्छा नहीं था। शुमर ने कहा कि ट्रंप की बात नहीं मानी गई और इस वजह से वह
बैठक से चले गए।
आपातकाल लगाना आखिरी विकल्प-ट्रंप:-बता
दें कि इससे पहले ट्रंप ने बुधवार को कहा था कि राष्ट्रीय आपातकाल लगाना
आखिरी विकल्प है, लेकिन यदि विपक्षी दल के नेता सीमा दीवार के लिए धन
आवंटित नहीं करते हैं, तो वह आपातकाल लागू कर सकते हैं। इस बीच, ट्रंप ने
देश में वास्तविक आव्रजन सुधार की आवश्यकता की बात की और तर्क दिया कि
विश्वभर से प्रतिभाशाली लोगों को तलाश कर रहीं अमेरिकी कंपनियों की प्रगति
के लिए यह अहम है। उन्होंने हालात मे सुधार के लिए एक बड़े आव्रजन विधेयक
को लाने की भी बात की। अमेरिका के राष्ट्रपति ने कहा, ‘हम देश में वास्तविक
आव्रजन सुधार देखना चाहते हैं, क्योंकि हमें इसकी आवश्यकता है और यह अच्छी
चीज होगी।