भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सिडनी में खेले जा रहे सीरीज़ के चौथे टेस्ट के दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में बिना किसी नुकसान के 24 रन बना लिए हैं.
इससे पहले भारत ने अपनी पहली पारी 7 विकेट पर 622 रन बनाकर घोषित की. शुक्रवार को भारत ने 4 विकेट पर 303 रन से आगे खेलना शुरू किया. चेतेश्वर पुजारा ने पारी आगे बढ़ाते हुए 150 रन पूरे किए. भारत का पांचवां विकेट हनुमा विहारी के रूप में गिरा, जिन्हें नॉथन लायन ने 42 पर पवेलियन भेजा. चेतेश्वर पुजारा दोहरा शतक लगाने से चूक गए और 193 के स्कोर पर नॉथन लायन की गेंद पर कॉट एंड बोल्ड हुए.
इसके बाद ऋषभ पंत और रविंद्र जडेजा ने सातवें विकेट के लिए 204 रन की शानदार साझेदारी की. ऋषभ पंत ने अपने टेस्ट करियर का दूसरा शतक पूरा किया. वहीं जडेजा ने भी अर्द्धशतक लगाने में कामयाबी पाई. जडेजा 81 रन बनाकर लायन की गेंद पर आउट हुए और इसके साथ ही भारत ने पारी घोषित कर दी. ऋषभ पंत 159 रन बनाकर नाबाद रहे.