अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा के लिए 2018 करियर के लिहाज से इतर निजी जिंदगी को लेकर बेहद खास बन गया है। लंबी रिलेशनशिप और गॉसिप्स के बाद प्रियंका ने अपने तमाम चाहने वालों को अपने फ्यूचर हसबैंड से आॅफिसियली रूबरू करवा दिया है। प्रियंका ने अपनी अदाकारी से न केवल हिन्दुस्तान की आॅडियंस का दिल जीता है, बल्कि अब उनकी आॅडियंस सरहद के पार छितरे हुए कई देशों में है। प्रियंका ने अपने काम से अलग शोहरत पाई है, लेकिन वास्तव में अभिनेत्री की निजी जिंदगी को समझने में उनकी बहन परिणीति की वो पोस्ट मददगार होती है, जो उन्होंने निक और प्रियंका के रोके के बाद अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर की है।परिणीति निक और प्रियंका की सगाई की गवाह बनी और इसके बाद उन्होंने अपनी बहन को लेकर एक बेहद भावुक पोस्ट शेयर की है। परिणीति ने लिखा- ‘आज मैं जादू और परियों की कहानियों की गवाह बनी। जब हम बच्चे थे, मिमी दीदी और मैं अक्सर ‘घर घर’ खेलते थे। हम लोग ऐसे पेश आते थे मानों शर्मीली दुल्हन हों, हमारे काल्पनिक बच्चे हों और अपने हसबैंड को चाय सर्व करते हुए। ये अजीब है, लेकिन ऐसा इसलिए क्योंकि हमने हमेशा प्यार के जादू पर भरोसा किया और उम्मीद थी कि हम एक दिन अपने लिए सर्वश्रेष्ठ शख्स ढूंढ लेंगे!’परिणीति ने आगे लिखा- ‘आज नाटक की कोई जरूरत नहीं है। मैं उनके लिए इससे परफेक्ट शख्स के बारे में नहीं सोच सकती। जैसा कि मैंने आज सुबह कहा था कि किसी भी इंसान को जज करने के दो तरीके हो सकते हैं। पहला- उनके साथ यात्रा कीजिए और दूसरा, उनके साथ खाना खाइए। निक, मैंने आपके साथ दोनों काम किए हैं। …और इसलिए मैं जानती हूं कि आप उनके लिए परफेक्ट हैं!! उन्हें प्यार देना, क्योंकि वह आपसे पागलों की तरह प्यार करती हैं। उन्हें प्रोटेक्ट करना, क्योंकि वह मजबूत हैं पर अंदर से मुलायम रूह हैं। मैं आप दोनों को बहुत प्यार करती हूं और हमेशा के लिए शुभकामनाएं देती हूं!!!! रोके की शुभकामनाएं और आने वाली शादी की भी।’बता दें कि शनिवार को प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस की मुंबई में सगाई हुई है। इस मौके पर प्रियंका और निक की फैमिली के अलावा अभिनेत्री के बेहद करीबी लोग ही मौजूद थे। प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस अक्टूबर में शादी करने जा रहे हैं।