संसार

डेमोक्रेट्स के विरोध से अमेरिका के इतिहास में सबसे लंबा हुआ Shutdown

वाशिंगटन। अमेरिका-मैक्सिको सीमा पर दीवार बनाने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा की गई 5.7 बिलियन डालर (लगभग 40 हजार करोड़ रुपये) की मांग और डेमोक्रेट्स के विरोध के बाद शुरू हुआ शटडाउन शनिवार को 22वें दिन में प्रवेश कर गया। इसके साथ ही यह अमेरिका के इतिहास में अब तक का सबसे लंबा शटडाउन हो गया। इससे पहले वर्ष 1995-96 में बिल क्लिंटन के राष्ट्रपति रहते हुए शटडाउन 21 दिनों तक चला था।ट्रंप ने शुक्रवार को कहा था कि सीमा की सुरक्षा को लेकर पैदा हुए विवाद को समाप्त करने के लिए वह तत्काल राष्ट्रीय आपातकाल नहीं लगाने जा रहे। उन्होंने सांसदों से बात करते हुए अगले सप्ताह तक किसी भी कार्रवाई से इन्कार करते हुए सप्ताहांत पर कार्यवाही स्थगित कर दी थी।ट्रंप ने शनिवार को ट्वीट के जरिये कहा, ‘डेमोक्रेट्स को वाशिंगटन लौटते हुए शटडाउन को खत्म करने के लिए काम करना चाहिए। इस दौरान दक्षिणी सीमा पर पैदा भयंकर मानव संकट को भी समाप्त किया जाना चाहिए। हम ह्वाइट हाउस में आपका इंतजार कर रहे हैं। अगर मुद्दे पर सहमति नहीं बनी तो शटडाउन लंबे समय तक भी चल सकता है।’ उन्होंने ट्विटर पर अपने 5.72 करोड़ फालोअर से आग्रह किया कि वे ड्रेमोकेट्स के सांसदों पर इसके लिए दबाव बनाएं।ट्रंप मैक्सिको की तरफ से होने वाले अवैध प्रवेश को रोकने के लिए दीवार बनाना चाह रहे हैं, जिसे डेमोक्रेट्स अप्रभावी बताते हैं। दीवार के लिए ट्रंप ने अतिरिक्त बजट की मांग की थी, जिस पर डेमोक्रेट्स ने आपत्ति जता दी। इसके बाद शटडाउन शुरू हो गया था।अमेरिका में शटडाउन से हजारों सरकारी कर्मचारियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। शुक्रवार को अमेरिका के आठ लाख सरकारी कर्मचारियों को उनका पहला वेतन नहीं मिला। लाखों सरकारी कर्मचारी काम छोड़कर घर जा चुके हैं और हजारों सरकारी कर्मचारी बिना वेतन काम कर रहे हैं।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.

nineteen − seventeen =

Most Popular

To Top