अमेरिका और चीन के बीच जारी व्यापार युद्ध के समाधान के लिये दोनों देश के बीच जारी व्यापार वार्ता सकारात्मक संकेत के साथ समाप्त हो गई।
दोनों देशों के उप-मंत्री स्तर की इस बातचीत में तमाम मसलों पर बात हुई । अमेरिका के व्यापार और विदेशी कृषि मामलों के सहायक मंत्री टेड मैक्किनी ने बातचीत पर कहा, ‘‘यह हमारे लिये अच्छी रही।’’ अमेरिका का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को बीजिंग पहुंचा था।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीन के उनके समकक्ष शी जिनपिंग के बीच व्यापार शुल्क युद्ध को तीन माह के लिये स्थगित रखने पर सहमति बनने के बाद अमेरिका और चीन के अधिकारियों की आमने सामने यह पहली बैठक हुई है ।