भारतीय जनता पार्टी मिशन 2019 की औपचारिक शुरुआत दिल्ली के रामलीला मैदान में होनेवाली राष्ट्रीय परिषद की बैठक से करने जा रही है। दो दिन की परिषद की बैठक में देशभर के पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संबोधित करेंगे ।
बीजेपी के मुताबिक पार्टी के इतिहास में ये अब तक की सबसे बड़ी राष्ट्रीय परिषद होगी, जिसमें देशभर से करीब 12 हजार से ज्यादा कार्यकर्ताओं को बुलाया गया है। परिषद की शुरूआत बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के संबोधन से होगी वंही समापन भाषण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मिशन 2019 के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देंगे।
यह पहला मौका है जब भाजपा अपनी राष्ट्रीय परिषद की बैठक को विस्तृत स्वरूप देने जा रही है। इसमें हर लोकसभा क्षेत्र के प्रमुख नेता हिस्सा लेंगे। बैठक में सभी सांसदों, विधायकों, परिषद के सदस्यों, जिला अध्यक्षों व महामंत्रियों के साथ हर क्षेत्र के विस्तारकों को भी बुलाया गया है। परिषद की बैठक में राजनीतिक व आर्थिक मुद्दों समेत कुल तीन प्रमुख प्रस्तावों पारित किये जाने की संभावना है।