हॉकी इंडिया ने पुरुष टीम के कोच हरेंद्र सिंह को उनके पद से हटा दिया है। उन्हें एक बार फिर से जूनियर टीम को कोचिंग देने के लिए भेजा गया ।
पिछले साल भारत में आयोजित हुए हॉकी विश्व कप 2018 में भारतीय पुरुष हॉकी टीम की हार का खामियाज़ा टीम के कोच हरेंद्र सिंह को भुगतना पड़ा है। हरेंद्र सिंह को सीनियर हॉकी टीम के मुख्य कोच पद से बाहर कर दिया गया है। वहीं उन्हें अब भारतीय जूनियर हॉकी टीम से जुड़ने का आदेश दिया गया है।
गौरतलब है कि भुवनेश्वर में 28 नवंबर से 16 दिसंबर 2018 के बीच आयोजित हुए हॉकी वर्ल्ड कप 2018 में टीम इंडिया पहले तीन पायदानों पर भी जगह नहीं बना पाई थी। भारतीय हॉकी टीम ने हॉकी विश्व कप में क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय किया था लेकिन क्वार्टर फाइनल मुकाबले में नीदरलैंड्स की टीम ने भारत को 2-1 से मात देकर टूर्नामेंट से बाहर का रास्ता दिखा दिया था।