भारत

उपराष्ट्रपति ने एनसीसी के गणतंत्र दिवस शिविर का किया उद्घाटन

उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने सोमवार को नई दिल्ली में एनसीसी के गणतंत्र दिवस शिविर का उद्घाटन किया. इस मौके पर कैडेटों को संबोधित करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि सभी शिक्षण संस्थाओं में कुछ समय के लिए राष्ट्रीय कैडेट कोर यानि एनसीसी में सेवा को अनिवार्य बनाया जाना चाहिए.

उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू सोमवार को दिल्ली कैंट में चल रहे एनसीसी के गणतंत्र दिवस शिविर पहुंचे. यहां उन्होंने सबसे पहले एनसीसी का ध्वज फहराकर गणतंत्र दिवस शिविर 2019 का विधिवत उद्घाटन किया. उपराष्ट्रपति को एनसीसी के तीनों स्कंधों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया और उपराष्ट्रपति ने गार्ड का निरीक्षण किया.

इस मौके पर उपराष्ट्रपति ने राष्ट्र निर्माण में एनसीसी की भूमिका और कैडेटों के देशभर में योगदान की सराहना करते हुए कैडेटों के उत्साह और ऊर्जा, शानदार ड्रिल और आत्मविश्वास के लिए कैडेटों को बधाई दी. उन्होंने कहा कि एनसीसी का उद्देश्य सर्वव्यापी भाईचारा, राष्ट्रीय एकता और धर्मनिर्पेक्षता है.

उपराष्ट्रपति ने संकट, भूंकप, बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओँ के समय में एनसीसी कैडेटों की निःस्वार्थ सेवा भावना की प्रशंसा की. उन्होंने सभी शिक्षण संस्थाओं में कुछ समय के लिए एनसीसी में सेवा को अनिवार्य बनाए जाने की भी बात कही.

एनसीसी के गणतंत्र दिवस शिविर में देशभर से कुल 2,070 कैडेट हिस्सा ले रहे हैं. इन कैडेटों को विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लेने का मौका मिलेगा. इतना ही नहीं इस शिविर में तीनों सेनाओं के अध्यक्ष, रक्षा मंत्री और रक्षा राज्य मंत्री सहित कई महान व्यक्तित्व भी शिविर का दौरा करेंगे. शिविर के दौरान ही प्रधानमंत्री सर्वश्रेष्ठ निदेशालयों और एनसीसी कैडेटों को पुरस्कृत भी करेंगे.   

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.

two × one =

Most Popular

To Top