खेल

Asian Games 2018: रानी की हैट्रिक से महिला हॉकी टीम ने थाईलैंड को 5-0 से पीटा

जकार्ताः कप्तान रानी रामपाल की शानदार हैट्रिक से भारतीय महिला हॉकी टीम ने अपना शानदार प्रदर्शन करते हुये थाईलैंड को आज 5-0 से पीटकर 18वें एशियाई खेलों की हॉकी प्रतियोगिता के अपने पूल बी में लगातार चौथी जीत दर्ज की। भारतीय टीम सेमीफाइनल में अपना स्थान पहले ही सुनिश्चित कर चुकी थी और इस जीत के बाद उसने 12 अंकों के साथ पूल बी में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है। भारतीय टीम का सेमीफाइनल में पूल ए की दूसरे नंबर की टीम से मुकाबला होगा। रानी रामपाल की अगुवाई में महिला टीम ने अब तक चार मैचों में 38 गोल दागे हैं और उसके खिलाफ सिर्फ एक गोल हुआ है। इंडोनेशिया को 8-0, कजाखिस्तान को 21-0, गत चैंपियन कोरिया को 4-1 से हराने के बाद भारतीय टीम ने इंडोनेशिया को 5-0 से धो दिया।   पहला क्वार्टर गोल रहित रहा जिसमें भारतीय टीम कुछ मौकों पर गोल करने के नजदीक आकर चूक गयी। दूसरे क्वार्टर में भी यही सिलसिला बना रहा और थाईलैंड ने भारतीय टीम को आधे समय तक गोल करने सेे रोके रखा। रानी ने 37वें मिनट में जाकर इस गतिरोध को तोड़ा और भारत को 1-0 से आगे कर दिया। तीसरे क्वार्टर की समाप्ति तक भारत के पास एक गोल की बढ़त थी। भारतीय टीम ने जिस तरह चैंपियन कोरिया के खिलाफ पिछले मैच में अंतिम सात मिनट में तीन गोल किये थे उसी तरह इस मुकाबले में उसने अंतिम क्वार्टर में चार गोल दागे। रानी ने 46वें मिनट में भारत का दूसरा गोल किया। मोनिका ने 52वें मिनट में स्कोर 3-0 पहुंचा दिया। नवजोत कौर ने 54वें मिनट में गोल कर स्कोर 4-0 किया और रानी ने 56वें मिनट में पांचवां गोल करने के साथ अपनी हैट्रिक पूरी की और मैच 5-0 से भारत की झोली में डाल दिया।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.

14 − 8 =

Most Popular

To Top