नई दिल्ली – भारतीय क्रिकेट टीम अगले साल अगस्त- सितंबर में इंग्लैंड का दौरा करेगी। टीम इंडिया के इंग्लैंड दौरे का पूरा कार्यक्रम बुधवार को इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड द्वारा जारी किया गया। भारत को अगले साल इंग्लैंड में 5 टेस्ट मैचों की सीरीज में खेलना है। दौरे का आगाज भारतीय टीम ट्रेंट ब्रिज टेस्ट से 4 अगस्त को करेगी। ऑस्ट्रेलिया के दौरे के बाद इंग्लैंड की मेजबानी करने के बाद भारतीय टीम 5 मैचों की टेस्ट सीरीज खेलने इंग्लैंड जाएगी।भारत और इंग्लैंड के बीच अगले साल होने वाली टेस्ट सीरीज का पूरा कार्यक्रम तय हो गया है। टेस्ट मैच की तारीख और जगह का ऐलान बुधवार को किया गया। 4 से 8 अगस्त के बीच टीम इंडिया ट्रेंट ब्रिज में सीरीज का पहला टेस्ट मैच खेलेगी। दूसरा मुकाबला 12 से 16 अगस्त के बीच खेला जाना है जो लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर होगा। हेडिंग्ले में दोनों टीमें सीरीज के तीसरे मुकाबले मं 25 से 29 अगस्त के बीच आमने सामने होंगी। वहीं 2 से 6 सितंबर के बीच चौथा टेस्ट ओवल में खेला जाएगा। इंग्लैंड के दौरे पर पांचवां और आखिरी टेस्ट ओल्ड ट्रैफर्ड में 10 से 15 सितंबर के बीच होगा।