दिल्ली के रण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कड़कड़डूमा में पहली चुनावी सभा, पीएम ने आम आदमा पार्टी और कांग्रेस पर साधा निशाना, कहा शाहीन बाग, जामिया, सीलमपुर में सीएए विरोधी प्रदर्शन महज संयोग नहीं।दिल्ली के चुनावी रण में पहली बार उतरे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता को अब भी लोकपाल का इंतजार है। इसको लेकर काफी व्यापक आंदोलन भी हुआ था। पीएम मोदी ने शाहीन बाग का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यह संयोग नहीं प्रयोग है। उन्होंने यह भी कहा कि देश के टुकड़े-टुकड़े करने वाले गैंग को बचाया जा रहा है।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि सभी गरीब परिवारों को 2022 तक ‘पक्का’ घर मुहैया कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार देश को प्रभावित करने वाली दशकों पुरानी समस्याओं का समाधान ढूंढ रही हैं और दिल्ली में अवैध कॉलोनियों को नियमित किया गया है। प्रधानमंत्री ने आप सरकार पर आरोप लगाया कि वह गरीबों को घर नहीं देना चाहती है और प्रधानमंत्री आवास योजना को रोक रही है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 21वीं सदी का भारत नफरत से नहीं विकास की राष्ट्रनीति से चलेगा। विकास की यह नीति देश को नई ऊंचाई पर ले जाती है।