केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने शनिवार को नागपुर में एक रैली के दैरान कहा कि नागरिकता संशोधन अधिनियम भारत के मुसलमानों के खिलाफ नहीं है। उन्होंने भारतीय मुसलमानों से अपील करते हुए कहा कि मुसलमानों को कांग्रेस के झूठे अभियान के पीछे छिपे सच देखने की जरूरत है।नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ देश के कई हिस्सों में जहां विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं, वहीं दूसरी ओर तमाम संगठन लगातार विधेयक के समर्थन में भी प्रदर्शन कर रहे हैं। नागरिकता कानून के समर्थन में दिल्ली में हुए प्रदर्शन के बाद रविवार को महाराष्ट्र में भी लोगों ने एक विशाल तिरंगा यात्रा निकालकर कानून का समर्थन किया।नागपुर के अलावा मुंबई, इंदौर और बेंगलुरु में भी तमाम संगठनों ने सड़क पर उतरकर नागरिकता कानून का समर्थन किया है। महाराष्ट्र के नागपुर में आज नागरिक संशोधन कानून के समर्थन में लोक अधिकार मंच, भाजपा, आरएसएस और अन्य संगठनों द्वारा एक रैली निकाली गयी। इस रैली में हजारों लोगों ने सड़क पर उतरकर नागरिकता कानून का समर्थन किया और सरकार के फैसले का स्वागत भी किया।नागरिकता कानून के समर्थन में नागपुर में आयोजित रैली में बोलते हुए केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि निर्वासित लोगो की समस्याओं को पहली बार केन्द्र सरकार ने सुना है और इसका समाधान किया है उन्होने कहा कि भारतीय संस्कृति का उद्देश्य सभी धर्मो का सम्मान करना हैं।