शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे आज मुंबई के शिवाजी पार्क में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की लेंगे शपथ। कुछ अन्य नेता भी बतौर मंत्री ले सकते हैं शपथ। सरकार में एनसीपी का होगा उप-मुख्यमंत्री, कांग्रेस का होगा विधानसभा अध्यक्ष।शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे आज महाराष्ट्र के 18 वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ग्रहण करेंगे। वह मनोहर जोशी और नारायण राणे के बाद इस पद पर काबिज होने वाले शिवसेना के तीसरे नेता हैं। ठाकरे को 3 दिसंबर तक बहुमत सिद्ध साबित करना होगा। कुछ अन्य नेता भी आज बतौर मंत्री शपथ ले सकते हैं।शिवसेना, एनसीपी और कांग्रेस की ‘महा विकास आघाड़ी’ की बैठक के बाद कांग्रेस नेता प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि तीनों दलों ने साझा रूप से यह फैसला किया है कि महाराष्ट्र में एक ही उपमुख्यमंत्री होगा जो कि एनसीपी का होगा। कांग्रेस को विधानसभा अध्यक्ष का पद मिलेगा। उद्धव ठाकरे अपने परिवार से मुख्यमंत्री बनने वाले पहले सदस्य होंगे। शिवसेना नेता उद्धव ठाकरे के पुत्र आदित्य ठाकरे ने कल कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मुलाकात कर उन्हें शपथ ग्रहण समारोह के लिए आमंत्रित किया। शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस के कई नेता शामिल हो सकते हैं। शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए तमाम राजनीतिक दल के आला नेताओं को आमंत्रित किया गया है।