‘आप सरकार दिल्ली में लोगों को स्थानीय स्तर की समस्या से निजात दिलाने में असफल रही जिसका पंजाब की पराली जलाने से कोई सम्बन्ध नहीं था’
चंडीगढ़ – पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने बुधवार को अरविन्द केजरीवाल पर बरसते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी द्वारा दिल्ली स्थित पंजाब भवन के आगे प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन केवल एक राजनैतिक स्टंट है जो राष्ट्रीय राजधानी में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली का मुख्यमंत्री वायु प्रदूषण के गंभीर मुद्दे पर कोरा झूठ बोलते हुए लोगों को गुमराह कर रहा है।कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने दिल्ली सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में फैले वायु प्रदूषण के पीछे मुख्य कारण निरंतर निर्माण कार्य, व्यापक ओद्योगीकीकरण और शहर में यातायात का बुरा प्रबंध जि़म्मेदार है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल अपनी सरकार की नाकामियों को छिपाता हुआ झूठ बोल कर लोगों का ध्यान भटकाना चाहता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अपनी, गलतियों को छिपा कर दूसरों पर दोष लगा कर केजरीवाल ने अपनी बुरी लीडरशिप का सबूत दे दिया है।केजरीवाल को बेशर्म झूठ बोलने वाला करार देते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री ने कहा कि वह पाँच साल दिल्ली में प्रदूषण की समस्या को रोकने में फेल साबित होने के बाद अब राजसी चालों का सहारा ले रहा है। अब जब दिल्ली में प्रदूषण ख़तरनाक स्तर पर पहुँच गया है तो आप प्रमुख को इस नाजुक मुद्दे का ख्याल आ गया है। कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने दिल्ली के मुख्यमंत्री को सवाल किया कि वह इस समस्या से निपटने के लिए दिल्ली सरकार द्वारा उठाया एक भी कदम लोगों को बताएं।केजरीवाल का यह दावा कि दिल्ली की भयानक स्थिति के लिए पड़ोसी राज्यों में जलाई जाने वाली पराली है, कोरा झूठ करार देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि केजरीवाल के इस दावे को मान भी लिया जाये कि दिल्ली में वायु प्रदूषण का मुख्य कारण पराली जलाना है तो वह यह बताएं कि राष्ट्रीय राजधानी में दिसंबर और जनवरी महीने में वायु गुणवत्ता सूची (एयर क्वालिटी सूची, ए.क्यू.आई.) ख़तरनाक स्तर पर क्यों फैला होता है। मुख्यमंत्री ने केजरीवाल को सवाल किया कि वह यह बताएं कि पंजाब जैसा राज्य जहाँ पराली जलाई जाती है, वहां ए.क्यू.आई. का स्तर दिल्ली जैसे राज्य से कैसे बेहतर होता है।पंजाब के मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में दीवाली के बाद प्रदूषण के स्तर में हुए अचानक वृद्धि के पीछे कारण पटाख़े हैं जिसको रोकने में और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों की पालना में केजरीवाल और उसकी सरकार बुरी तरह फेल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि रिपोर्टों के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी में पी.एम. 2.5 पिछले सालों की अपेक्षा वास्तव में कम था।रिपोर्टों ने बताया कि दिल्ली में ए.क्यू.आई. दिल्ली में दीवाली की शाम 5.30 बजे 163 मापा गया जो उसी रात पटाख़ों के कारण 11.30 बजे 1005 तक पहुँच गया। कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने कहा कि क्या केजरीवाल इतने अज्ञानी हैं कि वह इन आंकड़ों से और दिल्ली में मौजूदा ए.क्यू.आई. स्तर का मुल्यांकन नहीं कर सकते। उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री को ऐसे नाटकीय ड्रामों से सहारा लेने से गुरेज़ करने के लिए कहा है।पंजाब के मुख्यमंत्री ने कहा कि आप पंजाब के राजनैतिक दृश्य में से पहले ही पूरी तरह साफ़ हो गई है और अब केजरीवाल की ऐसी गली-मोहल्लों की राजसी चालें चलने के फ़ैसले ने सिद्ध कर दिया है कि उसे दिल्ली में भी अपनी हार स्पष्ट नजऱ आ रही है जिस कारण उसने राजनैतिक ड्रामे करने शुरू कर दिए हैं।