आपदा प्रबंधन ग्रुप की उच्च स्तरीय मीटिंग में बाढ़ प्रभावित जि़लों में राहत कार्यों के लिए तुरंत फंड जारी करने का आदेश
चंडीगढ़ – पंजाब के मुख्य सचिव श्री करन अवतार सिंह द्वारा सोमवार को यहाँ सचिवों के आपदा प्रबंधन ग्रुप की उच्च-स्तरीय मीटिंग की अध्यक्षता करते हुए राज्य में युद्ध स्तर पर चल रहे बाढ़ राहत प्रबंधों का जायज़ा लिया और प्रभावित इलाकों में राहत कार्यों के लिए ज़रुरी फंड तुरंत जारी करने के आदेश दिएअधिकारियों को राहत कार्यों को और तेज़ करने की हिदायत करते हुए मुख्य सचिव ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सभी प्रभावित जि़लों में पानी से संबंधित बीमारियों से बचाव के लिए दवाओं की सप्लाई यकीनी बनाने के निर्देश दिये। उन्होंने खाद्य और सिविल सप्लाई विभाग के अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित इलाकों में खाने-पीने का सामान उपलब्ध कराने का भी आदेश दिया।जालंधर, कपूरथला, फिऱोज़पुर, फाजि़ल्का, मोगा, लुधियाना, शहीद भगत सिंह नगर और रोपड़ के डिप्टी कमीश्नरों ने वीडियो कॉन्फ्ऱेंस के द्वारा इस मीटिंग में हिस्सा लिया और उन्होंने अपने जि़लों में चल रहे राहत कार्यों संबंधी जानकारी दी। डिप्टी कमीश्नरों ने अपने अपने जि़लों में बाढ़ों के कारण हुए नुकसान संबंधी संक्षिप्त जानकारी साझी करते हुए बताया कि असली नुकसान का पता पानी घटने के बाद ही लग सकेगा। राहत कार्यों में आ रही समस्याओं संबंधी जानकारी देते हुए डिप्टी कमीश्नरों ने इस स्थिति से निपटने के लिए ज़रुरी फंड जारी करने की माँग की। उन्होंने मुख्य सचिव को भरोसा दिया कि उनके जि़लों में स्थिति कंट्रोल में है। सरकार द्वारा हर संभव सहायता का भरोसा देते हुुए मुख्य सचिव श्री करन अवतार सिंह ने आपदा प्रबंधन ग्रुप और डिप्टी कमीश्नरों को राहत कार्यों को और तेज़ करने के अलावा बाढ़ प्रभावित इलाकों में किसी भी बीमारी को पैदा होने से रोकने के लिए आगामी कदम उठाने की हिदायत दी।इस मीटिंग में विशेष मुख्य सचिव राजस्व श्री के.बी.एस. सिद्धू, अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह श्री सतीश चंद्रा, अतिरिक्त मुख्य सचिव विकास श्री विसवाजीत खन्ना, अतिरिक्त मुख्य सचिव सहकारिता कल्पना मित्तल बरुआ, अतिरिक्त मुख्य सचिव स्थानीय निकाय श्री संजय कुमार, वित्तीय कमिश्नर ग्रामीण विकास और पंचायतें सीमा जैन, प्रमुख सचिव वित्त श्री अनिरुद्ध तिवाड़ी, प्रमुख सचिव जल स्रोत श्री सरवजीत सिंह, प्रमुख सचिव स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण श्री अनुराग अग्रवाल, प्रमुख सचिव मैडीकल शिक्षा और अनुसंधान श्री डी.के. तिवाड़ी, सचिव पीडब्ल्यूडी श्री हुसन लाल, सचिव पशु पालन विभाग श्री राज कमल चौधरी, विशेष सचिव राजस्व श्री राजीव पराशर, चेयरमैन-कम-डायरैक्टर पीएसपीसीएल श्री बलदेव सिंह सरां और एडीजीपी (लॉ) श्री ईश्वर सिंह उपस्थित थे।