सी.बी.आई. की क्लोजऱ रिपोर्ट के विरुद्ध सरकार अदालत पहुँची-मुख्यमंत्री
एस.ए.एस. नगर – पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने बरगाड़ी बेअदबी मामले की जांच में रुकावट डालने की कोशिशों पर अकालियों की सख्त आलोचना करते हुए कहा कि उनकी सरकार सी.बी.आई. की क्लोजऱ रिपोर्ट के विरुद्ध अदालत का रूख कर चुकी है जिससे इस मामले की जांच करके कानूनी निष्कर्ष निकाला जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि अकाली-भाजपा सरकार ने पहले तो जानबूझ कर इस संवेदनशील मामले को सी.बी.आई के हाथों में सौंपा और उसके बाद केंद्रीय जांच एजेंसी ने भी अपने आकाओं के इशारों पर चलते हुए जांच को अंजाम तक ले जाने की बजाय बंद कर दिया। एक सवाल के जवाब में कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने 1984 के दंगों के संदर्भ में राजीव गांधी संबंधी तथ्यों को तोडऩे-मरोडऩे की कोशिशें करने पर अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि जब यह दंगे हुए थे उस समय सुखबीर ख़ुद तो अमरीका में था और उसे कुछ भी नहीं पता कि उस समय भारत में क्या घटा था। उन्होंने कहा कि बिना किसी ठोस बात के अनाप-शनाप बकना सुखबीर बादल की पुरानी आदत है।भारत-पाक संबंधों बारे पूछे जाने पर मुख्यमंत्री ने उम्मीद ज़ाहिर की कि पाकिस्तान अपनी वचनबद्धता को निभाएगा और बनायी गई योजना के मुताबिक करतारपुर गलियारे को मुकम्मल करेगा मूसलाधार बारिश से आई बाढ़ के कारण राज्य में हुए नुकसान संबंधी सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ से लगभग 1700 करोड़ रुपए का नुकसान होने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है और लोगों के जीवन को हर खतरे से सुरक्षित बनाया जायेगा।