पंजाब खेल क्षेत्र में अपनी शान फिर कायम करने के लिए तैयार-खेल मंत्री
चंडीगढ़ – ‘पंजाब सरकार राज्य के स्कूलों के खेल विंगों में प्रशिक्षण ले रहे खिलाडिय़ों को हरेक सुविधा देने और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार करने के लिए बेहतर बुनियादी ढांचा यकीनी बनाने के लिए पूरी तरह वचनबद्ध है।’ पंजाब के खेल और युवा मामलों संबंधी मंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढी ने कहा कि विभाग द्वारा यह भी यकीनी बनाया जा रहा है कि सभी खेल विंग पारदर्शी और कुशल ढंग से चल रहे हैं।खेल मंत्री ने आगे बताया कि समूह 22 जि़लों के स्कूलों में कुल 167 विंग स्थापित किये गए हैं जिनमें खिलाडिय़ों के रहने का प्रबंध भी किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि वर्ष 2019-20 के सैशन के लिए इन विंगों में 2830 विद्यार्थी /खिलाडिय़ों के दाखि़ले की मंज़ूरी दी गई है। राणा सोढी ने बताया कि खिलाडिय़ों को पौष्टिक और मानक आहार देने पर विशेष ध्यान दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि इस मंतव्य के लिए एक कमेटी गठित की गई है जिसमें सम्बन्धित जिला खेल अफ़सर, सम्बन्धित स्कूल/विंग का प्रिंसिपल /इंचार्ज और सम्बन्धित खेल के प्रशिक्षक के साथ 2 सीनियर खिलाडिय़ों को शामिल किया गया है। उन्होंने सम्बन्धित जिला खेल अफ़सर द्वारा हरेक महीने की 10 तारीख़ तक डाइट से सम्बन्धित बिल मुख्य दफ़्तर में भेजने के निर्देश भी दिए।खेल मंत्री ने खेल विभाग के अधिकारियों को इन खेल विंगों की नियमित समय पर जांच के निर्देश दिए हैं जिससे यह यकीनी बनाया जा सके कि यह विंग सुचारू और कारगर ढंग से चल रहे हैं। नौजवान खिलाडिय़ों को खेल में शामिल करने संबंधी नीति की पालना के अंतर्गत इन विंगों के खिलाडिय़ों को छोटी आयु से ही प्रशिक्षण देने के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुये खेल मंत्री ने दोहराया कि पंजाब जल्द ही खेल क्षेत्र में अपनी शान फिर बहाल करेगा।