शानदार गेंदबाज़ी और जेसन रॉय की आतिशी बल्लेबाज़ी के बल पर इंग्लैंड की टीम क्रिकेट विश्वकप 2019 के फ़ाइनल में पहुंच गई है। जहां टीम का सामना अब रविवार को न्यूज़ीलैंड से होगा। बर्मिंघम में आज खेले गए दूसरे सेमीफ़ाइनल मुक़ाबले में इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को 8 विकेट से हरा दिया है। विश्वकप के इतिहास में ये पहली बार है जब ऑस्ट्रेलिया की टीम सेमीफ़ाइनल में हारी है।बर्मिंघम के मैदान पर टीम इंडिया को हार का दर्द देने वाली इंग्लैंड टीम के गेंदबाज़ कह़र बनकर ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज़ों पर बरपे। ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए टॉस जीत बल्लेबाज़ी का फैसला भारी पड़ा,जोफ्रा आर्चर और क्रिस वोक्स की धारदार गेंदों ने ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ऐरोन फिंच,डेविड वार्नर और पीटर हैंड्सकॉम्ब का विकेट झटक ऑस्ट्रेलियाई टीम की कमर तोड़ दी। कैरी ने स्टीवन स्मिथ के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 103 रन की साझेदारी को सामने रखा लेकिन इस बनती हुई पार्टनरशिप को तोड़ा आदिल राशिद ने। जिन्होने 46 पर कैरी को पवैलियन की राह दिखाई।कैरी के जाने के बाद राशिद का अगला शिकार मार्कस स्टोएनिस रहे।118 पर ऑस्ट्रेलिया ने अपने 5 बल्लेबाज़ों के विकेट खो दिए।स्मिथ ने इस विश्वकप का चौथा अर्धशतक जड़ा। इस मोड़ पर ऑस्ट्रेलियाई रन गति को तेज़ी दी ग्लेन मैक्सवेल ने जिन्होने 23 गेंदों पर 22 रन बनाए लेकिन इसी स्कोर पर वो आर्चर की गेंद पर मौर्गन को कैच दे बैठे लेकिन स्मिथ डटे रहे और रन निकालते रहे और उन्हे दूसरे छोर से मिचेल स्टार्क का अच्छा साथ मिला। स्मिथ 85 पर रन आउट हुए तो स्टार्क 29 पर पवैलियन लौट गए। ऑस्ट्रेलिया की टीम 49 ओवर में 223 रन पर सिमट गई।इंग्लैंड की ओर से आदिल रशीद और क्रिस वोक्स ने 3-3 विकेट हासिल किए। इंग्लैंड के सामने 224 रन का मामूली लक्ष्य था जहां ज़रूरत सिर्फ शुरूआती झटकों से बचने की थी और टीम इस पर खरी उतरी जेसन रॉय और जॉनी बेयरस्टो के बीच शतकीय साझेदारी देखने को मिली। इंग्लिश टीम का स्कोर जब 124 पहुंचा तब बेयरस्टो 34 पर एलबी हुए। लेकिन टीम को सबसे ज्यादा झटका जेसन रॉय के विकेट गिरने से लगा जो 85 पर कमिंस की गेंद पर कैरी के हाथों लपके गए। हालांकि रिप्ले में साफ दिखा गेंद बल्ले को टच नहीं हुई। लेकिन इसके बाद इंग्लिश टीम ने कोई और झटका नहीं लगने दिया और मैच को 8 विकेट से जीत खुद को फाइनल में पहंचा दिया।