चंडीगढ़ – पी.जी.आई. में उपचाराधीन हॉकी खेल में तीन बार के ओलम्पिक स्वर्ण पदक विजेता बलबीर सिंह सीनियर के लिए मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिन्दर सिंह द्वारा पाँच लाख रुपए की सहायता राशि जारी की गई है। खेल विभाग की डायरैक्टर और मुख्यमंत्री की अतिरिक्त प्रमुख सचिव श्रीमती अमृत गिल्ल ने आज पी.जी.आई. में बलबीर सिंह सीनियर के परिवार के साथ मुलाकात करके उनके नवासे कबीर सिंह को पाँच लाख रुपए का चैक सौंपा।श्रीमती अमृत कौर गिल्ल ने बताया कि पंजाब के मुख्यमंत्री के आदेशों पर वह आज बलबीर सिंह सीनियर का पता लेने के लिए पी.जी.आई. में गए थे जहाँ उन्होंने पाँच लाख रुपए की सहायता राशि का चैक परिवार को सौंपा वहीं मुख्यमंत्री द्वारा परिवार को हर संभव मदद देने का विश्वास भी दिलाया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने हॉकी के इस महान खिलाड़ी की सेहतमंद के लिए दुआ करते हुए खेल विभाग को निर्देश दिए हैं कि बलबीर सिंह सीनियर के इलाज में कोई कसर बाकी न छोड़ी जाये। बलबीर सिंह सीनियर जिनकी उम्र 94 साल है, ने भारत की तरफ से खेलते हुए हॉकी खेल में तीन ओलम्पिक स्वर्ण पदक जीते। यह स्वर्ण पदक 1948 के लंदन ओलम्पिक्स, 1952 के हैलसिंकी ओलम्पिक्स और 1956 के मेलबर्न ओलम्पिक्स में जीते। 1956 के ओलम्पिक खेल में वह भारतीय हॉकी टीम के कप्तान थे और भारतीय खेल दल के ध्वजधारक भी थे। 1975 में एकमात्र हॉकी विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम के वह मैनेजर भी थे।