पहले चरण के नामांकन से ठीक एक दिन पहले भारतीय जनता पार्टी ने
अपने उम्मीदवारों की सातवीं सूची जारी की. इस लिस्ट में 9 उम्मीदवारों के
नाम हैं.
बीजेपी की इस सूची के मुताबिक पार्टी ने छत्तीसगढ़ की
सभी सीटों पर नए चेहरों को मौका दिया है. इस सूची में छत्तीसगढ़ से 6
उम्मीदवारों की घोषणा की है, जिसमें राजनांदगांव से मौजूदा सांसद अभिषेक
सिंह की जगह संतोष पांडे और रायपुर से रमेश बैस की जगह सुनील सोनी को टिकट
दिया गया है. कोरबा से ज्योति नंद दूबे, बिलासपुर से अरुण साव, दुर्ग से
विजय बघेल और महासमुंद से चुन्नी लाल साहू को मैदान में उतारा है. पार्टी
ने रविवार को जारी सूची में तेलंगाना, मेघालय और महाराष्ट्र से एक-एक
उम्मीदवारों के नाम का एलान किया.
इससे पहले बीजेपी ने शनिवार को 46
उम्मीदवारों की एक लिस्ट जारी की थी. इस सूची में जयंत सिन्हा को हजारीबाग
से टिकट दिया गया वहीं अनुराग ठाकुर हमीरपुर, श्रीपाद नाईक को उत्तर गोवा,
नरेंद्र सिंह तोमर को मुरैना, जनार्दन मिश्रा को रीवा और राकेश सिंह तोमर
को जबलपुर से टिकट दिया गया है. बीजेपी ने अब तक कुल 306 उम्मीदवारों के
नाम घोषित कर दिए हैं.