क्राइस्टचर्च-विस्फोटक सलामी बल्लेबाज मार्टिन गुप्टिल के लगातार दूसरे शतक की मदद से न्यूजीलैंड ने बांग्लादेश को दूसरे मैच में आठ विकेट से रौंदकर तीन वनडे की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त लेकर सीरीज अपने नाम की। पहले मैच में नाबाद 117 रन बनाने वाले गुप्टिल ने दूसरे मैच में 118 रन की पारी खेली। उन्होंने अपने वनडे करियर का 16वां शतक लगाया।न्यूजीलैंड ने जीत के लिए 227 रन का लक्ष्य दो विकेट खोकर 13.5 ओवर बाकी रहते हासिल कर लिया। भारत के खिलाफ वनडे सीरीज में गुप्टिल का सर्वोच्च स्कोर 15 रन था और मेजबान टीम ने यह सीरीज गंवा दी थी। बांग्लादेश के खिलाफ 88 गेंद की अपनी पारी में उन्होंने 14 चौके और चार छक्के जड़े। बांग्लादेश को 226 रन पर आउट करने के बाद न्यूजीलैंड की शुरुआत शानदार रही और उसने 10 ओवर में एक विकेट खोकर 59 रन बनाए। न्यूजीलैंड का पहला विकेट हेनरी निकोल्स (14) के रूप में गिरा। इसके बाद केन विलियमसन और गुप्टिल ने दूसरे विकेट के लिए 143 रन की साझेदारी की। गुप्टिल को 29वें ओवर में मुस्तफिजुर रहमान (2/42) ने लिंटन दास के हाथों लपकवाया। इसके बाद विलियमसन (नाबाद 65) और रॉस टेलर (नाबाद 21) ने टीम को जीत तक पहुंचाया।इससे पहले न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर मेहमान टीम को बल्लेबाजी का न्योता दिया। मेहमान टीम का शीर्ष क्रम एक बार फिर लड़खड़ा गया और टीम पांच विकेट 93 रन पर गंवाकर संकट में घिरी गई थी। यहां मुहम्मद मिथुन (57) और शब्बीर रहमान (43) ने छठे विकेट के लिए 75 रन जोड़कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। न्यूजीलैंड के लिए लॉकी फर्ग्युसन (3/43) ने सर्वाधिक विकेट चटकाए। तीसरा और आखिरी वनडे डुनेडिन में बुधवार को खेला जाएगा।