हेमिल्टन में खेले गए टी 20 मुकाबले में न्यूज़ीलैंड ने भारत को हराकर
सीरीज़ 2-1 से अपने नाम कर ली। 213 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए
भारतीय टीम ने 208 रन बनाए। न्यूज़ीलैंड ने इस मुकाबले को चार रन से अपने
नाम किया।
हैमिलटन में खेले गए तीसरे और आखरी टी20 मैच में
न्यूज़ीलैंड ने भारत को 4 रन से हरा दिया है। न्यूज़ीलैंड ने भारत के सामने
जीत के लिए 213 रन का लक्ष्य रखा था। भारत की शुरुआत खराब रही औऱ शिखर धवन
5 रन बना कर सैंटनर की गेंद पर लपके गए। विजय शंकर ने तेज़ 43 रन का
योगदान दिया। ऋषभ पंत ने 12 गेंदों पर 28 रन बनाए और वो टिकनर का शिकार
बने। वहीं दूसरे छोर पर शुरुआत से ही टिक कर बल्लेबाज़ी कर रहे रोहित शर्मा
को 38 रन पर डैरिल मिचेल ने विकेट के पीछे कैच कराकर उनकी पारी का अंत
किया। धोनी 2 रन बनाकर आउट हो गए। दिनेश कार्तिक और क्रुणाल पांड्या ने
आखिर में मैच में जीत हासिल करने की भरपूर कोशिश की लेकिन भारतीय टीम
निर्धारित ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 208 रन ही बना पाई। इसी के साथ
न्यूज़ीलैंड ने इस सीरीज़ को 2-1 से अपने नाम कर लिया ।
इससे पहले
भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फैसला किया। भारत को पहली
कामयाबी कुलदीप यादव ने दिलवाई।43 रन पर सेफर्ट को कुलदीप यादव ने धोनी के
हाथों सटंप कराया। कोलिन मुनरो अर्धशतक पूरा करने में कामयाब रहे। 72 रन पर
उन्हें भी कुलदीप यादव ने ही पवेलियन की राह दिखाई। केन विलियमसन को 27 रन
पर खलील अहमद ने कुलदीप यादव के हाथों कैच कराया। कोलिन डी ग्रैंडहोम ने
16 गेंद पर 30 रन का योगदान दिया। न्यूज़ीलैंड ने निर्धारित 20 ओवर में 4
विकेट के नुकसान के 212 रन बनाए।