जीत के बाद मारिया शारापोवा ने इस अंदाज में दर्शकों को शुक्रिया कहा।
इससे
पहले शारापोवा रूस में 2006 में क्रेमलिन कप में जीती थीं। 29वें रैंकिंग
वाली शारापोवा सेंट पीटर्सबर्ग में पहली बार जीतीं। टेनिस -रूस में 13 साल
बाद जीतीं शारापोवा, ऑस्ट्रेलिया की गैवरिलोवा को हराया। रूसी टेनिस
खिलाड़ी मारिया शारापोवा ने सेंट पीटर्सबर्ग लेडीज ओपन में अपना पहला मैच
जीत लिया। उन्होंने एक घंटे 47 मिनट तक चले मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया की
दारिया गैवरिलोवा को 6-0, 6-4 से हराया। शारापोवा ने रूस में 13 साल बाद और
सेंट पीटर्सबर्ग में पहली बार जीत हासिल की है। इससे पहले उन्होंने 2006
में क्रेमलिन कप के प्री-क्वार्टर फाइनल में हमवतन एकतारिना बाईचोकोवा को
6-4, 7-5 से हराया था।
दूसरे दौर में मारिया का सामना रूस की नंबर
तीन खिलाड़ी दारिया कासातकिना से होगा। शारापोवा ने इससे पहले कासातकिना के
खिलाफ एक बार मैच खेला है। उन्होंने कासातकिना को पिछले साल मॉंट्रियल में
दूसरे दौर में 6-0, 6-2 से हराया था। शारापोवा ने अपने करियर में रूस में
बहुत कम टेनिस टूर्नामेंट खेले हैं। वे रूस में कभी भी क्वार्टर फाइनल से
आगे तक सफर नहीं तय कर पाईं हैं।
शारापोवा 2007 में क्रेमलिन कप में
अपने पहले ही मैच में हार गईं थीं। शारापोवा ने 2006 में क्रेमलिन कप में
क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय किया था। दाहिने पैर में खिंचाव के कारण तब
उन्होंने क्वार्टर फाइनल मैच में हमवतन एना चकवात्जे को वॉकओवर दे दिया था।
2007 में क्रेमलिन कप में उन्हें पहले दौर में बाई मिला था। हालांकि,
दूसरे दौर में वे बेलारूस की विक्टोरिया एजारेंका के खिलाफ 6-7, 2-6 से हार
गईं थीं।
दुनिया की 29वें नंबर की महिला टेनिस खिलाड़ी शारापोवा ने
जीत के बाद कहा, ‘मैं जीवन में पहली बार सेंट पीटर्सबर्ग का दौरा करके
बहुत खुश हूं। ईमानदारी से कहूं तो मैं यहां आना चाहती थी, लेकिन इससे पहले
मेरी यहां आने की कोई संभावना नहीं बनी। मुझे खुशी है कि रूस के लोगों ने
मेरा उत्साहवर्धन किया। मुझे पता है कि जब मैं घर पर खेलती हूं तो प्रशंसक
गर्मजोशी और मजबूती से मेरा समर्थन करते हैं। इतने साल बाद स्वदेश में मैच
जीतने के मेरे लिए अलग मायने हैं।’