भारत

राफेल सौदे के दस्तावेज लीक करना देश की संप्रभुता से समझौता: रक्षा मंत्रालय

Posted on

केंद्र सरकार ने बुधवार को उच्चतम न्यायालय से कहा कि राफेल सौदे पर उसके फैसले पर पुनर्विचार के लिए याचिकाकर्ताओं द्वारा दाखिल दस्तावेज राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए संवेदनशील हैं और जिन लोगों ने इन दस्तावेजों की फोटोकापी बनाने की साजिश की, उन्होंने इसकी चोरी की और इन्हें लीक करके सुरक्षा को खतरे में डाला है.

रक्षा मंत्रालय के हलफनामें में कहा गया है कि पुनर्विचार याचिका दायर करने वालों ने रक्षा मंत्रालय के संवदेनशील दस्तावेज़ों का अनाधिकृत रूप से इस्तेमाल किया. रक्षा सचिव की ओर से दायर 8 पन्नों के हलफनामे में सरकार ने कहा है कि बिना रक्षा मंत्रालय की अनुमति के रफाल से जुड़े गोपनीय दस्तावेज़ों की फोटोकॉपी की गई. 28 फरवरी को मामले की आंतरिक जांच के आदेश दे दिए गए हैं.

केंद्र सरकार का कहना है कि याचिकाकर्ताओं ने पुनर्विचार याचिका के साथ इन दस्तावेज़ों को संलग्न किया. गोपनीय दस्तावेज़ के 4 पन्नों को याचिका से साथ लगाया गया है, जबकि सरकार की अनुमति के बिना इन दस्तावेज़ों को कोर्ट में दाखिल नहीं किया जा सकता था. यह भी आरोप लगाया गया है कि दस्तावेज़ों के चुनिंदा हिस्से का प्रयोग किया गया, जिससे कोर्ट को गुमराह किया जा सके.

याचिककार्ताओं ने जिन आंतरिक नोटिंग्स के आधार पर रफाल सौदे पर सवाल उठाए उन नोटिंग्स के जवाब भी गोपनीय दस्तावेज़ों में दिए गए थे लेकिन उन्हें जानबूझ कर छिपा लिया गया. सरकार ने यह भी कहा है कि इन दस्तावेज़ों को आरटीआई के ज़रिए भी हासिल नहीं किया जा सकता. इन दस्तावेज़ों को सार्वजनिक करने से देश की संप्रभुता के साथ समझौता हुआ है और अन्य देशों के साथ भारत के संबंधों पर भी इसका विपरीत असर पड़ा है.

सरकार ने कहा है कि याचिकाकर्ता यशवंत सिन्हा, अरुण शौरी और प्रशांत भूषण संवदेनशील जानकारी लीक करने के दोषी हैं और उनकी याचिकाओं को रद्द किया जाना चाहिए. सुप्रीम कोर्ट रफाल सौदे के मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले के खिलाफ दायर पुनर्विचार याचिकाओं पर गुरुवार को सुनवाई करेगा.

Click to comment

Most Popular

Copyright © 2018 www.dinkarnews.com. All Rights Reserved Designed by TEJ iNFO