पंजाब
पंजाब की नहरों में 9 से 16 जनवरी तक पानी छोडऩे का प्रोग्राम जारी
चण्डीगढ़ – पंजाब के जल स्रोत विभाग की तरफ से रबी की फसलों के लिए 9 से 16 जनवरी, 2021 तक नहरों में पानी छोडऩे का प्रोग्राम जारी किया गया है। सरहिन्द केनाल सिस्टम और इसकी नहरों जैसे कि अबोहर ब्रांच, पटियाला फीडर, बठिंडा ब्रांच, बिसत दोआब केनाल, सिद्धवां ब्रांच क्रमवार पहली, दूसरी, तीसरी, चौथी और पाँचवी प्राथमिकता के आधार पर चलेंगी। घग्गर लिंक और इसमें से निकलती नहरों, जैसे कि घग्गर ब्रांच और पटियाला माइनर, जो ग्रुप ‘बी’ में हैं, को पहली प्राथमिकता के आधार पर पानी दिया जायेगा और बाकी बचते पानी की सप्लाई ग्रुप ‘ए’ की भाखड़ा मेन लाईन (बी.एम.एल.) को दूसरी प्राथमिकता के आधार पर दी जायेगी। हरीके सिस्टम के रजबाहों, जो ग्रुप ‘बी’ में हैं, को पहली प्राथमिकता के आधार पर पूरा पानी मिलेगा और ग्रुप ‘ए’ के रजबाहों को दूसरी प्राथमिकता के आधार पर बाकी बचता पानी मिलेगा। अपर बारी दोआब में से निकलती कसूर ब्रांच लोअर और इसके रजबाहों को पहल के आधार पर पूरा पानी दिया जायेगा जबकि सभराओं ब्रांच, लाहौर ब्रांच और इसके रजबाहों और मेन ब्रांच लोअर को क्रमवार बाकी बचता पानी मिलेगा।