भारत

कोरोना के नए रुप से भारत समेत पूरी दुनिया सतर्क

Posted on

देश में कोरोना रिकवरी दर बढकर हुई 95.75 प्रतिशत, ब्रिटेन में कोरोनोवायरस का नया स्ट्रेन आने के बाद भारत के कई राज्यों में अतिरिक्त सतर्कता, 40 देशों ने ब्रिटेन से आवागमन पर लगाए प्रतिबंध।केंद्रीय स्‍वास्‍थ्‍य सचिव ने ब्रिटेन से भारत आए तथा महाराष्‍ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, गोवा, पंजाब, गुजरात और केरल राज्‍यों/संघशासित प्रदेशों में पॉजिटिव पाए गए यात्रियों की स्थिति तथा इससे उपजे हालात से निपटने के उपायों की आज वीडियो कांफ्रेंस के माध्‍यम से आयोजित एक बैठक में समीक्षा की। इस बैठक में आईसीएमआर के महानिदेशक, राज्‍यों/संघशासित प्रदेशों के स्‍वास्‍थ्‍य सचिव, एनएचएम एमडी, स्‍वास्‍थ्‍य एवं परिवार कल्‍याण मंत्रालय में अपर सचिव सुश्री आरती आहूजा, एनसीडीसी के निदेशक डॉ. सुजीत सिंह और अन्‍य वरिष्‍ठ स्‍वास्‍थ्‍य अधिकारी भी मौजूद थे। इस बैठक में ब्रिटेन में पाए गए सार्स कोव-2 के नए वैरिएंट या प्रकार के संदर्भ में मंत्रालय की ओर से जारी महामारी निगरानी एवं प्रतिक्रिया मानक परिचालन प्रक्रिया (एसओपी) के बारे में विस्‍तार से चर्चा की गई।देश में कोरोना के खिलाफ सरकार के सख्त कदमों की मदद से बेहतर नतीजे सामने आ रहे हैं। संक्रमित लोगों में से अब तक 96 लाख 93 हजार से ज्यादा मरीज़ स्वस्थ हो चुके हैं। जिसके बाद देश में रिकवरी रेट बढ़कर 95.75 प्रतिशत हो गया है। देश में कोविड से मृत्यु दर घटकर 1.45 प्रतिशत रह गई है। पिछले 24 घंटों में 29 हजार 791 कोरोना मरीज ठीक हुए हैं. वहीं भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद ने बताया कि देश में 23 दिसंबर तक कुल 16 करोड़ 53 लाख 8 हज़ार 366 नमूनों का परीक्षण किया गया। जिनमें से 23 दिसंबर को 10 लाख 39 हज़ार 645 नमूनों की जांच हुई। स्वास्थ्य मंत्रालय ने ट्वीट साझा कर दिसंबर महीने में सप्ताह के आधार पर देश के 5 सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों के उपचाराधीन मामले में हो रहे बदलाव को दिखाया है। इसमें से केरल को छोड़कर महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ में मामलों में हर सप्ताह कमी दर्ज की गई है। केवल केरल में 22 दिसंबर को खत्म होने वाले सप्ताह में मामले 57,790 से बढ़कर 60,670 हो गए। वहीं महाराष्ट्र में 1 दिसंबर को खत्म होने वाले सप्ताह में 91 हजार से ज्यादा मामले थे वे 22 दिसंबर को खत्म होने वाले सप्ताह में घटकर 60,500 के करीब हो गए है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ में उपचाराधीन मामलों में दिसंबर महीने के हर सप्ताह में कमी दर्ज की गई है।

Click to comment

Most Popular

Copyright © 2018 www.dinkarnews.com. All Rights Reserved Designed by TEJ iNFO