क्रिकेट
तीसरे एकदिवसीय मैच में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जीत का खाता खोलने उतरेगी टीम इंडिया
भारत और आस्ट्रेलिया के बीच तीसरा अंतर्राष्ट्रीय एकदिवसीय क्रिकेट मैच बुधवार को केनबरा में खेला जाएगा। तीन मैचों की श्रृंखला में मेजबान आस्ट्रेलिया दो-शून्य की बढ़त बनाए हुए है।ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला बुधवार को कैनबरा में खेला जाएगा। मनुका ओवल मैदान पर जब भारत मैदान पर उतरेगा, तब उसके सामने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर अपनी पहली जीत दर्ज करने की चुनौती होगी। इसके साथ ही टीम विदेशी जमीन पर लगातार दूसरे क्लीन स्वीप से बचना चाहेगी। इससे पहले जनवरी-फरवरी में न्यूजीलैंड दौरे पर भारत को कीवी टीम ने 3-0 से हराया था।कैनबरा के मैदान की बात करें, तो ऑस्ट्रेलिया ने यहां खेले अपने चारों मुकाबले जीते हैं। वहीं, भारत ने इस मैदान पर अब तक कुल 2 मुकाबले खेले हैं और दोनों में उसे हार का सामना करना पड़ा है। चोट की वजह से वॉर्नर ऑस्ट्रेलिया टीम का हिस्सा नहीं हैं। वहीं, पैट कमिंस को टेस्ट सीरीज की तैयारी के मद्देनजर आराम दिया गया है।