भारत

मध्‍यरात्रि के बाद तमिलनाडु और पुद्दुचेरी के तटीय इलाकों कराईकल और मामल्‍लपुरम के बीच पहुंच सकता है चक्रवाती तूफान निवार

Posted on

चक्रवाती तूफान निवार के मध्‍यरात्रि के बाद तमिलनाडु और पुद्दुचेरी के तटीय इलाकों कराईकल और मामल्‍लपुरम के बीच पहुंच सकता है। लोगों को सुरक्षित स्‍थानों पर पहुंचाने का काम तेजी से जारी। मौसम विभाग के अनुसार बीते छह घंटों के दौरान तूफान 11 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम-उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ रहा है। अभी यह पुड्डुचेरी के दक्षिण पूर्व में 120 किमी और कुड्डालोर के पूर्व-दक्षिण पूर्व में लगभग 110 किमी और चेन्नई के 214 किमी दक्षिण, दक्षिण-पूर्व की दूरी पर स्थित है। अगले छह घंटों में इसके और भी भीषण चक्रवाती तूफान के रूप में तेज होने की आशंका है।आज आधी रात के करीब यह उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़कर तमिलनाडु और पुदुचेरी के तटों को पारकर कराईकल और मामल्लपुरम पहुंच सकता है। आज आधी रात के बाद या कल तड़के यह बहुत भीषण चक्रवाती तूफान में बदल कर पुडुचेरी के आसपास पहुंच जाएगा। इसके प्रभाव से 120 से 130 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज़ हवाएं चलेंगी जिसकी गति 145 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।तूफान के प्रभाव से तमिलनाडु के अधिकांश जिलों में मध्यम से भारी वर्षा हो रही है। उत्तरी चेन्नई में पिछले 24 घंटों में अधिकतम 16 सेंटीमीटर बारिश हुई। खराब मौसम के कारण मछुआरों को सलाह दी गई है कि वे समुद्र में न जायें।ग्रेटर चेन्नई कॉर्पोरेशन, चेन्नई मेट्रोवाटर और सभी जिला प्रशासन ने लोगों की सुविधा के लिए अलग हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। अलग-अलग नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किए गये हैं जो दिन-रात काम कर रहे हैं। राज्य पुलिस ने बचाव और राहत कार्यो में समन्वय के लिए जिलों में नियंत्रण कक्ष स्थापित किए हैं। इसके अलावा, राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण चेन्नई में एक आपात नियंत्रण कक्ष का संचालन कर रहा है।तमिलनाडु सरकार ने राज्‍य के तेरह जिलों में कल अवकाश की घोषणा की है। आज भी राज्य में अवकाश रहा। चेन्नई में मौसम विज्ञान विभाग के प्रमुख डॉ0 बालचंद्रन ने संवाददाताओं को बताया कि यह चक्रवात यहां पहुंचने के छह घंटे के बाद कमजोर पड़ने लगेगा और इसका क्षेत्र में प्रभाव 15 घंटे तक महसूस किया जा सकेगा।तूफान के कारण आज सुबह से ही चेन्नई और उसके आसपास के इलाकों तथा तमिलनाडु के कई अन्य जिलों में मूसलाधार बारिश हो रही है।

Click to comment

Most Popular

Copyright © 2018 www.dinkarnews.com. All Rights Reserved Designed by TEJ iNFO